
कर्नलगंज डाकघर में रजिस्ट्री सेवा 15 दिनों से ठप, उपभोक्ता बेहाल
कर्नलगंज (गोंडा)। कस्बे का मुख्य डाकघर इन दिनों अव्यवस्था का शिकार है। पिछले 15 दिनों से रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, पोस्टल ऑर्डर, आरपीएलआई और बिल जमा जैसी अहम सेवाएं पूरी तरह ठप हैं। कारण बताया जा रहा है कि सर्वर डाउन है, लेकिन इस बीच उपभोक्ताओं के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था नहीं की गई है।लोग लगातार डाकघर के चक्कर काट रहे हैं, मगर कर्मचारी “सॉफ्टवेयर अपडेट” का हवाला देकर उन्हें लौटा दे रहे हैं। छात्रों, व्यापारियों और ग्रामीणों सहित सभी वर्ग प्रभावित हो रहे हैं। जरूरी दस्तावेज भेजने और बिल भुगतान करने में उपभोक्ताओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि तकनीकी खामियां अस्थायी हो सकती हैं, लेकिन इतने लंबे समय तक सेवाएं बंद रहना जनता के साथ अन्याय है। मजबूरन उपभोक्ताओं को गोंडा के प्रधान डाकघर जाना पड़ रहा है, जिससे समय और धन दोनों की बर्बादी हो रही है।स्थिति को और गंभीर बनाने में बिजली कटौती और जर्जर जनरेटर की भूमिका भी सामने आई है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि कागजों में जनरेटर को चालू दिखाकर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है। शिकायतें करने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकल सका।सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय पत्रकारों ने इस मुद्दे को सोशल मीडिया पर उठाते हुए शासन और डाक विभाग के उच्च अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। पोस्टमास्टर ने स्वीकार किया कि समस्या की जानकारी उच्च अधिकारियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।स्थानीय उपभोक्ताओं ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि डाकघर की सेवाएं जल्द से जल्द बहाल कराई जाएं, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Author: Hind Lekhni News
"पत्रकारिता में सच्चाई लिखना जिम्मेदारी और साहस का काम है। जितनी खबरें, उतनी चुनौतियां और विरोधी भी बनते हैं, इसलिए सहिष्णुता, धैर्य और संतुलित सोच के साथ ही इस रास्ते पर आगे बढ़ना चाहिए" "मेरा अनुभव" अधिक न्यूज पढ़ने के लिए आज ही सर्च करें,(HIND LEKHNI NEWS)