23 अक्टूबर को अधिकाधिक मतदान की अपील, विधायक श्याम सुंदर भारती ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनाव में जुटने का किया आह्वान

महराजगंज, रायबरेली। लखनऊ खंड स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सपा प्रत्याशी कान्ति सिंह ने महराजगंज कस्बे के मुख्य तिराहे स्थित अयाज मार्केट में आयोजित बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए चुनाव में जीत के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने 23 अक्टूबर को होने वाले मतदान में अधिकाधिक मतदाताओं की भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।

कान्ति सिंह ने कहा कि प्रत्येक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर समाजवादी पार्टी को मजबूत बनाने में योगदान दे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत के साथ चुनाव में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि मतदाताओं से लगातार संपर्क बनाए रखना, उन्हें मतदान के प्रति जागरूक करना और मतदान के लिए प्रेरित करना सभी कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चुनाव में एकजुटता और सक्रियता के साथ काम करने पर जोर दिया।
एकजुटता और मेहनत से मिलेगी जीत को मजबूती
बैठक में मौजूद बछरावां विधानसभा क्षेत्र के सपा विधायक श्याम सुंदर भारती ने भी कार्यकर्ताओं से पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में पूरी मजबूती से जुटने की अपील की। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता घर-घर जाकर मतदाताओं से संपर्क करें और पार्टी के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास करें।
उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, एकजुटता और सक्रिय भागीदारी से कान्ति सिंह को चुनाव में सफलता दिलाने में मदद मिलेगी। बैठक में आगामी चुनाव की रणनीति पर चर्चा करते हुए कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर विजेंद्र चौधरी, अमित त्रिपाठी, फिरोज अहमद, राजेश यादव, मयंक मौर्य, आसिफ कुरैशी, शोभनाथ वैश्य, सुरेश पासी, फराज अंसारी, स्नेहाकांत यादव, शुभम मौर्य, प्रदीप मौर्य, कामरान सिद्दीकी, सियाराम एडवोकेट, मोहम्मद मुकीम एडवोकेट, इम्तियाज अली एडवोकेट, मोहम्मद आमिर और अर्जुन पासी सहित बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







