घी के दो नमूने लिए, बालपुर में कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की भी जांच
गोण्डा। आगामी त्योहारों के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने करनैलगंज और बालपुर बाजार में छापेमारी की। इस दौरान करनैलगंज में घी के दो नमूने संग्रहित किए गए, जबकि गुणवत्ता को लेकर संदेह के आधार पर लगभग 160 किलोग्राम घी सीज कर दिया गया। वहीं, बालपुर बाजार में कुट्टू के आटे का नमूना लेने के साथ ही कुट्टू और सिंघाड़े के आटे की गुणवत्ता की जांच की गई।
जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। करनैलगंज बाजार में विकास कुमार शुक्ला के प्रतिष्ठान से घी के दो नमूने लिए गए। साथ ही, संदेह के आधार पर लगभग 160 किलो घी को सीज कर दिया गया। विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य त्योहारों के दौरान उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है।

इसी क्रम में बालपुर बाजार में कुट्टू के आटे का नमूना संग्रहित किया गया। अंश मणि त्रिपाठी के प्रतिष्ठान समेत अन्य दुकानों पर कुट्टू एवं सिंघाड़े के आटे की जांच की गई। इस दौरान खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों के उचित भंडारण, गुणवत्ता बनाए रखने और सुरक्षित खाद्य सामग्री की बिक्री के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुराना कुट्टू का आटा बेचने से बचने की सलाह
खाद्य सुरक्षा विभाग ने कुट्टू के आटे को लेकर विशेष सावधानी बरतने की अपील की। अधिकारियों के अनुसार, कुट्टू का आटा वातावरण से नमी अवशोषित कर सकता है। ऐसे में इसे लंबे समय तक भंडारित करने से बचना चाहिए। उपभोक्ताओं को भी आटे की ताजगी और गुणवत्ता पर ध्यान देने तथा सुरक्षित खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करने की सलाह दी गई।
अधिकारियों की टीम रही मौजू
छापेमारी अभियान में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी विनोद कुमार के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रमोद कुमार, मनीष मल्ल, अंकुर मिश्रा और नन्द किशोर यादव शामिल रहे। अभिहित अधिकारी अजीत कुमार मिश्रा के निर्देश पर कार्रवाई की गई।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को खाद्य प्रतिष्ठानों का नियमित और रैंडम निरीक्षण करने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों में मिलावट और अन्य अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।




