राजकीय बालिका हाईस्कूल मऊ में छात्राओं को मिला कंप्यूटर व डाटा एंट्री का प्रशिक्षण

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली: क्षेत्र के मऊ गांव स्थित राजकीय बालिका हाईस्कूल में समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत संचालित व्यावसायिक शिक्षा योजना के तहत छात्राओं को कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में छात्राओं को आईटी/आईटीईएस (डोमेस्टिक डाटा एंट्री ऑपरेटर) ट्रेड के माध्यम से कंप्यूटर के व्यावहारिक उपयोग, डाटा एंट्री तथा डिजिटल कार्यों से जुड़ी जानकारी प्रदान की गई।

आपको बता दें कि, कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को विद्यालयी शिक्षा के साथ-साथ रोजगारपरक कौशल से जोड़ना और उन्हें आधुनिक तकनीकी क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए तैयार करना रहा। प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कंप्यूटर के विभिन्न उपयोगों, डाटा को व्यवस्थित करने, डिजिटल माध्यम से कार्य करने तथा आईटी क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं के बारे में जानकारी दी गई।

कंप्यूटर ट्रेनर एवं अतिथि व्याख्याता सूरज कुमार पटेल ने छात्राओं को कंप्यूटर शिक्षा के बदलते महत्व से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि, वर्तमान समय में कंप्यूटर का ज्ञान केवल अतिरिक्त कौशल नहीं, बल्कि शिक्षा, रोजगार और विभिन्न प्रतियोगी क्षेत्रों में आगे बढ़ने की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन चुका है। छात्राओं को नियमित अभ्यास के साथ कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी को मजबूत करना चाहिए।

को-ऑर्डिनेटर मनीष दीक्षित ने कहा कि, व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों को उनकी रुचि और क्षमता के अनुरूप रोजगारपरक कौशल उपलब्ध कराना है। आईटी/आईटीईएस ट्रेड के माध्यम से छात्राओं को डाटा एंट्री और डिजिटल कार्यों की व्यवहारिक जानकारी देकर उन्हें भविष्य की आवश्यकताओं के लिए तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि, तकनीकी दक्षता विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाने के साथ उनके लिए रोजगार के नए अवसर भी खोलती है।

वोकेशनल ट्रेनर सरिता यादव ने कहा कि, प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कंप्यूटर संबंधी जानकारी सरल एवं व्यवहारिक तरीके से उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने छात्राओं से प्रशिक्षण में नियमित रूप से भाग लेने और सीखी गई तकनीकों का अभ्यास करने की अपील की, ताकि वे भविष्य में आईटी क्षेत्र में बेहतर अवसर प्राप्त कर सकें।

प्रधानाचार्य पूजा सिंह ने कहा कि, विद्यालय में छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ व्यावसायिक एवं तकनीकी ज्ञान उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कंप्यूटर शिक्षा छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। विद्यालय परिवार का प्रयास है कि छात्राएं पढ़ाई के साथ उपयोगी कौशल हासिल कर भविष्य की चुनौतियों का आत्मविश्वास से सामना करें।

कार्यक्रम के अंत में आईटी/आईटीईएस के सभी छात्र-छात्राओं ने विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं एवं प्रशिक्षण से जुड़े लोगों के प्रति धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें