गोण्डा में 19 सितम्बर को लगेगा वृहद रोजगार मेला, 1000 से अधिक पदों पर भर्ती का मौका

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गौरा विधानसभा क्षेत्र में रोजगार का बड़ा अवसर, 30 से अधिक कंपनियां करेंगी प्रतिभाग।

हाईस्कूल से पोस्ट ग्रेजुएट तक के युवाओं को मिलेगा रोजगार का अवसर, मेला पूर्णतः निःशुल्क।

रोजगार के साथ स्वरोजगार का भी अवसर, सरकारी योजनाओं की जानकारी और लोन-सब्सिडी के लगेंगे स्टॉल

*गोण्डा 13 सितम्बर 2026* – उत्तर प्रदेश रोजगार मिशन के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, गोण्डा द्वारा विधानसभा क्षेत्र गौरा में 19 सितम्बर 2026 को प्रातः 10 बजे से आचार्य नरेन्द्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बभनान, गोण्डा में वृहद रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रिया गौतम ने बताया कि रोजगार मेले में निजी क्षेत्र की 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी तथा युवाओं के लिए 1000 से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती का अवसर उपलब्ध होगा। साक्षात्कार में सफल अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किए जाने के उपरांत कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं गौरा विधायक श्री प्रभात वर्मा द्वारा ऑफर लेटर प्रदान किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि मेले में 18 से 40 वर्ष तक के अभ्यर्थी प्रतिभाग कर सकते हैं। हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, आईटीआई, पॉलिटेक्निक, डिप्लोमा, स्नातक एवं परास्नातक उत्तीर्ण अभ्यर्थी अपनी योग्यता के अनुसार विभिन्न पदों के लिए आवेदन कर सकेंगे। रोजगार मेला पूर्णतः निःशुल्क है तथा रजिस्ट्रेशन, प्रतिभाग करने अथवा नौकरी के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा।

रोजगार के साथ युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सरकारी बैंक, उद्योग, खादी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। इन स्टॉलों के माध्यम से इच्छुक युवाओं को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत ऋण एवं सब्सिडी की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे स्वयं का रोजगार शुरू कर सकें।

आचार्य नरेन्द्र देव किसान स्नातकोत्तर महाविद्यालय के प्रबन्धक श्री विजय कुमार पाण्डेय, प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) धर्मेन्द्र कुमार शुक्ल, सहायक निदेशक सेवायोजन श्री राजीव सिंह एवं जिला सेवायोजन अधिकारी श्रीमती प्रिया गौतम ने युवाओं से अधिक से अधिक संख्या में रोजगार मेले में पहुंचकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए सेवायोजन विभाग की हेल्पलाइन 155330 पर संपर्क किया जा सकता है। अभ्यर्थी रोजगार मेले में प्रतिभाग करने के लिए सेवायोजन विभाग के पोर्टल rojgaarsangam.up.gov.in पर पंजीकरण करा सकते हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें