


महराजगंज/रायबरेली। भाजपा द्वारा अवध प्रांत का उपाध्यक्ष बनाए जाने के बाद दिनेश सिंह राठौर के प्रथम रायबरेली आगमन पर रविवार को कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने जगह-जगह भव्य स्वागत कर अपनी खुशी का इजहार किया। लाही बॉर्डर से लेकर गुमांवा, बरियारपुर, हलोर, पाली और महराजगंज प्रमुख तिराहे तक हुए स्वागत कार्यक्रमों में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बना।
स्वागत के दौरान कार्यकर्ताओं ने दिनेश सिंह राठौर को 51 किलो की विशाल पुष्पमाला पहनाकर सम्मानित किया। कई स्थानों पर समर्थक बुलडोजरों पर सवार होकर पहुंचे और पुष्पवर्षा कर उनका स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने अंगवस्त्र भेंट कर भी राठौर का अभिनंदन किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच जगह-जगह जुटी भीड़ से पूरा क्षेत्र भाजपामय नजर आया।
इस अवसर पर दिनेश सिंह राठौर ने कार्यकर्ताओं और समर्थकों का आभार जताते हुए कहा कि रायबरेली की धरती पर जिस आत्मीयता, स्नेह और उत्साह के साथ उनका स्वागत किया गया, वह उनके लिए केवल सम्मान नहीं बल्कि एक बड़ी जिम्मेदारी का एहसास है। उन्होंने कहा कि पार्टी ने उन्हें जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निभाने का प्रयास करेंगे।
उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता भाजपा की सबसे बड़ी ताकत हैं और सभी मिलकर संगठन को और मजबूत करते हुए जनसेवा के संकल्प को आगे बढ़ाएंगे।
राठौर के स्वागत के लिए क्षेत्र के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में समर्थक पहुंचे। ढोल-नगाड़ों, नारों और पुष्पवर्षा के बीच कार्यकर्ताओं ने अपने नेता का गर्मजोशी से स्वागत किया। महराजगंज प्रमुख तिराहे पर पहुंचने पर भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने उनका जोरदार अभिनंदन किया।
भाजपा नेता के प्रथम रायबरेली आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में पहले से ही खासा उत्साह था। निर्धारित स्वागत स्थलों पर कार्यकर्ताओं ने व्यापक तैयारियां की थीं। स्वागत कार्यक्रमों के दौरान युवाओं की बड़ी भागीदारी देखने को मिली।
इस मौके पर पूर्व ब्लॉक प्रमुख सत्येंद्र प्रताप सिंह, मंडल अध्यक्ष अमित श्रीवास्तव, अवधेश मिश्रा हलोर, सुधा अवस्थी, राजेश त्रिवेदी, देवेंद्र प्रताप उर्फ नीलू सिंह, अन्नू सिंह, अरिदमन सिंह, मनीष सिंह, दस्सू सिंह, मंगली सिंह, पंकज गुप्ता, रमेश कुमार मौर्य, डीएन यादव, उमेश कुमार तिवारी, पूर्व मंडल अध्यक्ष सूर्य प्रकाश वर्मा, राजेश कुमार, सत्रोहन लोधी और गोलू सिंह सहित हजारों की संख्या में युवा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








