दानेश्वर धाम से 300 कांवरियों का जत्था डलमऊ गंगा घाट रवाना

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

भगवान शिव के जयकारों से गूंजा क्षेत्र, गंगाजल से होगा दानेश्वर महादेव का जलाभिषेक

महराजगंज/रायबरेली।प्राचीन एवं सुविख्यात दानेश्वर शिव मंदिर से शुक्रवार को करीब 300 कांवरियों का जत्था धार्मिक आस्था और उल्लास के साथ डलमऊ गंगा घाट से पवित्र जल लेने के लिए रवाना हुआ। कांवरियों का जत्था डलमऊ पहुंचकर गंगा स्नान के बाद गंगाजल लेकर पैदल वापस लौटेगा और दानेश्वर धाम पहुंचकर भगवान शिव का विधिवत जलाभिषेक करेगा। इस दौरान पूरा क्षेत्र हर-हर महादेव और बोल बम के जयघोष से गूंज उठा।

बताया गया कि कांवरियों की यह धार्मिक यात्रा रुद्र नगर से प्रारंभ हुई। कांवरियों ने सबसे पहले प्राचीन दानेश्वर शिव मंदिर में भगवान भोलेनाथ के दर्शन-पूजन किए। इसके बाद सभी श्रद्धालु पैदल डलमऊ गंगा घाट के लिए रवाना हुए। गंगा घाट से जल भरकर लौटने के बाद दानेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया जाएगा।

यात्रा के दौरान नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू, सामाजिक कार्यकर्ता श्रीकांत त्रिपाठी एवं प्रतिष्ठित व्यवसायी शिवशरण साहू ने कांवरियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें स्वल्पाहार, फल एवं मिष्ठान वितरित किया। साथ ही सभी कांवरियों की मंगलमय, सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की।

चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा, “भगवान शिव की भक्ति में निकली कांवर यात्रा हमारी धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक है। बाबा दानेश्वर महादेव की कृपा सभी कांवरियों पर बनी रहे और उनकी यात्रा निर्विघ्न एवं मंगलमय हो, यही हमारी कामना है। श्रद्धालुओं की सेवा करना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।”

कांवरियों के जत्थे के रवाना होने के दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। भक्तिमय वातावरण में निकली यात्रा को लेकर स्थानीय लोगों ने भी कांवरियों का स्वागत करते हुए उनके मंगलमय सफर की कामना की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें