बाढ़ पीड़ितों के घर-घर पहुंचे पूर्व विधायक रामलाल अकेला, बांटी राहत सामग्री

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

राहत सामग्री वितरण के दौरान बोले—आपदा की हर घड़ी में गरीबों के साथ खड़ा रहा हूं, राहुल गांधी पर भी साधा निशाना।

महराजगंज/रायबरेली।महराजगंज विकासखंड क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित गांव कोटवा मदनिया, कैलाशपुर और दरियागंज में गुरुवार को पूर्व विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता रामलाल अकेला पहुंचे। उन्होंने बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनका हाल जाना और घर-घर जाकर खाद्य सामग्री, साड़ियां सहित अन्य राहत सामग्री वितरित की।

इस दौरान रामलाल अकेला ने कहा कि क्षेत्र के गांव जब भी अग्निकांड, बाढ़ अथवा अन्य प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित हुए हैं, उन्होंने गरीब, असहाय और पीड़ित परिवारों की मदद के लिए हर संभव प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्रवासियों के सुख-दुख में वह हमेशा परिवार के सदस्य और बेटे की तरह उनके साथ खड़े रहे हैं और भविष्य में भी हर परिस्थिति में साथ खड़े रहेंगे।

पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए पूर्व विधायक ने कांग्रेस नेता एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि दो दिन पूर्व राहुल गांधी इसी मार्ग से होकर गुजरे थे। बाढ़ प्रभावित गांवों के ग्रामीण सड़क पर उनका इंतजार कर रहे थे, लेकिन उन्होंने ग्रामीणों से मुलाकात नहीं की। रामलाल अकेला ने आरोप लगाया कि कांग्रेस का गरीब जनता की समस्याओं से कोई सरोकार नहीं है।

पूर्व विधायक ने जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका का आभार जताते हुए कहा कि उनके अनुरोध पर तहसील के उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और राजस्व कर्मियों को प्रभावित गांवों में आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए लगाया गया। उन्होंने तहसील प्रशासन के अधिकारियों और कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना की।

इस मौके पर चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू, बछरावां अध्यक्ष रामजी वर्मा, नेता माता शेर सिंह, शंकर भगत सिंह, राम लखन यादव, पूर्व प्रधान अनूप बाजपेई, दिलीप वर्मा, ग्राम प्रधान सत्रोहन लोधी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण एवं अन्य लोग मौजूद रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें