मिशन शक्ति अभियान: छात्राओं को नारी सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव की दी जानकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज/रायबरेली। क्षेत्र के बालिका हाई स्कूल मऊ गर्वी में गुरुवार को थाना चंदापुर पुलिस की ओर से मिशन शक्ति अभियान के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को नारी सुरक्षा, नारी सम्मान और नारी स्वावलंबन के प्रति जागरूक करते हुए विषम परिस्थितियों में पुलिस एवं विभिन्न सरकारी सेवाओं की मदद लेने की जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने छात्राओं को महिला हेल्पलाइन, वीमेन पावर लाइन, चाइल्ड हेल्पलाइन, पुलिस आपातकालीन सेवा, एंबुलेंस, अग्निशमन सेवा, साइबर हेल्पलाइन और मुख्यमंत्री हेल्पलाइन सहित विभिन्न महत्वपूर्ण सेवाओं के बारे में बताया। छात्राओं को समझाया गया कि छेड़छाड़, उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध या किसी अन्य परेशानी की स्थिति में चुप रहने के बजाय तत्काल पुलिस अथवा संबंधित हेल्पलाइन की सहायता लें।

एसआई वेदप्रकाश दुबे ने कहा कि मिशन शक्ति का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक कर उन्हें सुरक्षित एवं आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने छात्राओं से किसी भी अप्रिय घटना को नजरअंदाज न करने और तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की। साइबर अपराध से बचाव के लिए अनजान लिंक पर क्लिक न करने तथा ओटीपी और निजी जानकारी किसी से साझा न करने की सलाह भी दी।

महिला आरक्षी अनुष्का सिंह ने छात्राओं को महिला सुरक्षा से जुड़ी हेल्पलाइन सेवाओं की जानकारी देते हुए कहा कि जागरूकता और सतर्कता ही अपराध से बचाव का महत्वपूर्ण माध्यम है। वहीं प्रधानाचार्या पूजा सिंह ने पुलिस टीम का आभार जताते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें विपरीत परिस्थितियों का सामना करने के लिए तैयार करते हैं।

कार्यक्रम में एसआई वेदप्रकाश दुबे, महिला आरक्षी अनुष्का सिंह, वैष्णवी शुक्ला, सोनिया साहू, आरक्षी देशराज व राहुल बालियान सहित विद्यालय की प्रधानाचार्या पूजा सिंह, सहायक अध्यापक नेहा दुबे, अर्चना सिंह, सत्यवती, परिचारक हेमंत राज दिवाकर, दिव्या सिंह एवं महेश रावत मौजूद रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के 128 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें