


महराजगंज/रायबरेली। भाई-बहन के पवित्र प्रेम, विश्वास और सुरक्षा के संकल्प का पर्व रक्षाबंधन गुरुवार को महराजगंज क्षेत्र में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इसी क्रम में एकल अभियान संघ के संच महराजगंज एवं संच अमावा की आचार्या बहनों ने महराजगंज कोतवाली पहुंचकर पुलिसकर्मियों के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया। आचार्या बहनों ने कोतवाल जगदीश यादव सहित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कलाइयों पर रक्षा सूत्र बांधकर उन्हें रक्षाबंधन की शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान आचार्या बहनों ने कहा कि पुलिसकर्मी दिन-रात अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए आमजन की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। त्योहारों के दौरान भी वे अपने परिवार से दूर रहकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और नागरिकों की सुरक्षा में जुटे रहते हैं। ऐसे में पुलिसकर्मियों की कलाई पर राखी बांधना उनके प्रति सम्मान, स्नेह और विश्वास का प्रतीक है।
संच प्रमुख गजेन्द्र तिवारी ने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई-बहन के रिश्ते का पर्व नहीं, बल्कि सुरक्षा, विश्वास और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने वाला त्योहार भी है। पुलिसकर्मी समाज की सुरक्षा के लिए निरंतर तत्पर रहते हैं, इसलिए उनके प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए आचार्या बहनों ने राखी बांधकर आत्मीय रिश्ते की भावना को आगे बढ़ाया है।
वहीं कोतवाल जगदीश यादव ने आचार्या बहनों का आभार जताते हुए कहा कि रक्षाबंधन के अवसर पर पुलिसकर्मियों को राखी बांधकर बहनों ने जो स्नेह और सम्मान दिया, वह पुलिस परिवार के लिए भावनात्मक रूप से विशेष है। उन्होंने कहा कि पुलिस समाज की सुरक्षा के साथ महिलाओं और बालिकाओं की गरिमा की रक्षा के लिए भी पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर महराजगंज संच प्रमुख गजेन्द्र तिवारी, अमावा संच प्रमुख संजय मिश्रा, संच समिति से संतोष मौर्य, राघवेन्द्र सिंह, रामप्रकाश गौतम, अरविंद सिंह सहित अन्य पदाधिकारी एवं आचार्या बहनें मौजूद रहीं। कोतवाली परिसर में आयोजित इस आत्मीय कार्यक्रम ने पुलिस और समाज के बीच विश्वास, सहयोग एवं भाईचारे की भावना को और मजबूत किया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








