


बहराइच। फखरपुर ब्लॉक क्षेत्र की गोहनिया गौशाला में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल उठाए। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि गौशाला में साफ-सफाई, चारे और गोवंशों की देखभाल की स्थिति बेहद खराब मिली।

बताया गया कि निरीक्षण के दौरान गौशाला के मुख्य द्वार पर ताला लगा था और कर्मचारी ड्यूटी से नदारद मिले। परिसर में जगह-जगह गंदगी फैली होने का भी आरोप लगाया गया। कार्यकर्ताओं के मुताबिक, गौशाला में मौजूद 85 गोवंशों को केवल सूखा भूसा दिया जा रहा था, जबकि हरा चारा, चूनी-चोकर, नमक और गुड़ की व्यवस्था नहीं मिली।

निरीक्षण के दौरान तीन गोवंशों के गंभीर रूप से बीमार होने की बात भी सामने आई। वहीं, टैगिंग व्यवस्था पर भी सवाल उठे। कार्यकर्ताओं के अनुसार 85 में से 39 गोवंश बिना टैग के मिले। आरोप है कि इतने अधिक गोवंशों की देखरेख की जिम्मेदारी महज एक केयरटेकर के भरोसे है।

गौशाला के पीछे मृत गोवंशों के अंतिम संस्कार स्थल की स्थिति को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने नाराजगी जताई। आरोप है कि रखरखाव के अभाव में वहां मृत गोवंशों के अवशेष पड़े मिले तथा कुछ स्थानों पर खुले गड्ढे दिखाई दिए।
गौशाला की व्यवस्थाओं को लेकर बजरंग दल कार्यकर्ताओं में रोष है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कराने, जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने और गोवंशों के लिए पर्याप्त चारा, स्वच्छता तथा बेहतर देखभाल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। प्रशासनिक जांच के बाद ही लगाए गए आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








