


महराजगंज,रायबरेली- प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे विशेष स्क्रीनिंग अभियान के तहत बुधवार को क्षेत्र के ग्राम पंचायत मोन स्थित ग्राम सचिवालय में विशेष जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में हैंडहेल्ड एक्स-रे मशीन की मदद से कुल 25 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई, जिनमें से 12 संभावित मरीजों के बलगम के नमूने विस्तृत जांच के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लैब भेजे गए हैं।
डॉ. आलोक गुप्ता ने बताया कि क्षय रोग (टीबी) के सक्रिय मामलों की जल्द से जल्द पहचान करने और समय पर इलाज शुरू कराने के उद्देश्य से यह अभियान 1 अगस्त से 28 अगस्त तक चलाया जा रहा है। आधुनिक हैंडहेल्ड एक्स-रे तकनीक से लोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है। मोन गांव के शिविर में एक्स-रे जांच के दौरान 12 लोगों में टीबी के प्राथमिक लक्षण की आशंका दिखाई दी, जिसके बाद उनके बलगम के सैंपल आगे की जांच के लिए लैब भेजे गए।
डॉ. गुप्ता ने बताया कि हैंडहेल्ड एक्स-रे तकनीक दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में टीबी के मरीजों की तुरंत पहचान करने में बेहद कारगर साबित हो रही है। जांच के साथ-साथ उपस्थित ग्रामीणों को टीबी के प्रमुख लक्षणों, इसके बचाव के तरीकों और सरकार द्वारा मिलने वाले नि:शुल्क उपचार के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है। अभियान को सफल बनाने और ज्यादा से ज्यादा लोगों को इसका लाभ दिलाने के लिए स्थानीय ग्राम प्रधानों का भी विशेष सहयोग लिया जा रहा है।
इस अवसर पर टीबी सुपरवाइजर वरुणदेव, सीएचओ अंजली वर्मा, ग्राम प्रधान श्यामकला अमरेश कुमार, स्थानीय आशा बहुओं समेत सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







