कर्नलगंज, गोंडा। कोतवाली कर्नलगंज क्षेत्र के बालपुर चौकी अंतर्गत एक गांव में गौमाता के साथ कथित दुष्कर्म के आरोप को लेकर धर्म रक्षा सेतु सेवा ट्रस्ट की ओर से पुलिस को शिकायती पत्र दिया गया है। ट्रस्ट ने मामले में मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और अभी तक कोई ठोस साक्ष्य सामने नहीं आया है।
ट्रस्ट की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, ग्राम भटनैय्या निवासी एक युवक पर गौमाता के साथ कथित रूप से दुष्कर्म करने का आरोप लगाया गया है। शिकायत में दावा किया गया है कि घटना के दौरान कुछ लोगों ने युवक को पकड़ लिया था तथा कथित घटना का वीडियो बनाए जाने की बात भी कही गई है। शिकायतकर्ताओं ने युवक पर लोगों को धमकी देने का भी आरोप लगाया है।
मामले को लेकर धर्म रक्षा सेतु सेवा ट्रस्ट ने प्रभारी निरीक्षक कर्नलगंज को प्रार्थना पत्र देकर प्राथमिकी दर्ज करने तथा मामले की निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। ट्रस्ट से जुड़े पदाधिकारियों एवं अन्य लोगों ने मामले को गंभीर बताते हुए पुलिस से शीघ्र कार्रवाई की अपील की है।
थाना प्रभारी ने कहा- अभी नहीं मिले ठोस साक्ष्य
वहीं मामले में थाना अध्यक्ष नरेंद्र प्रताप राय ने बताया कि जिस युवक पर आरोप लगाया जा रहा है, वह अपनी ही गाय को चराने के लिए ले गया था। उन्होंने कहा कि युवक के ऊपर आरोप लगाए जा रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई ठोस साक्ष्य नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।
पुलिस के इस बयान के बाद मामले में लगाए गए आरोपों की सत्यता जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच में जुटी है।
अब देखना होगा कि पुलिस जांच में लगाए गए आरोप सही पाए जाते हैं या मामला कुछ और निकलकर सामने आता है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








