रजवाह में पानी की कमी से किसानों का फूटा गुस्सा, प्रदर्शन कर डीएम से लगाई सिंचाई बहाल करने की गुहार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

मैनपुरी। जिले के जागीर ब्लॉक क्षेत्र में नगरिया रजवाह में पर्याप्त पानी न पहुंचने से किसानों का आक्रोश शनिवार को सड़क पर दिखाई दिया। सगामई-जागीर क्षेत्र के किसानों ने विरोध प्रदर्शन कर जिलाधिकारी से तत्काल रजवाह में पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग की। किसानों का कहना है कि पिछले एक सप्ताह से सिंचाई प्रभावित होने के कारण सैकड़ों बीघा धान की फसल सूखने की कगार पर पहुंच गई है।प्रदर्शन कर रहे किसानों ने बताया कि राजलपुर से चौहानपुर नगरिया रजवाह में पानी का प्रवाह बेहद कम है। इस वर्ष कम बारिश होने से पहले ही खेती प्रभावित है, वहीं अब समय पर सिंचाई न मिलने से धान की फसल को भारी नुकसान होने की आशंका बढ़ गई है। किसानों ने महीनों की मेहनत और अपनी पूंजी लगाकर फसल तैयार की है, लेकिन पानी की कमी ने उनकी चिंता बढ़ा दी है।

किसानों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें निजी पंपसेट और पाइपों के जरिए रजवाह से पानी खींचकर खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है, जिससे खेती की लागत लगातार बढ़ रही है। इसके साथ ही क्षेत्र में हो रही बिजली कटौती भी सिंचाई कार्य में बड़ी बाधा बन रही है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पर्याप्त पानी नहीं छोड़ा गया तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।प्रदर्शन के दौरान किसानों ने जिलाधिकारी से सिंचाई विभाग के अधिकारियों को निर्देशित कर नगरिया रजवाह में तत्काल पर्याप्त पानी छोड़े जाने की मांग की, ताकि धान की फसल को सूखने से बचाया जा सके। प्रदर्शन में अफजल अली, घनश्याम दिवाकर, महेश यादव, दीपू यादव, मोहम्मद सलीम, महबूब अली, सूबेदार राजपूत, राजेश कुमार, रविकांत, दलबीर सिंह, मुकेश शर्मा सहित दर्जनों किसान मौजूद रहे।

वहीं, सिंचाई विभाग के कनिष्ठ अभियंता धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि रजवाह में एक स्थान पर अवरोध (खंदी) होने के कारण पानी का प्रवाह बाधित हो गया था। अवरोध हटवा दिया गया है और रजवाह में पानी छोड़ दिया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि रविवार सुबह तक नगरिया रजवाह में पर्याप्त पानी पहुंच जाएगा और किसानों की समस्या का समाधान हो जाएगा।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें