
जनता दर्शन में गूंजे विकास के मुद्दे, विधायक श्याम सुंदर भारती ने 15 दिन में हाईमास्ट लाइट लगाने का दिया भरोसा
बछरावां/रायबरेली। बछरावां विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक श्याम सुंदर भारती अपनी सक्रिय कार्यशैली और जनसंपर्क के कारण क्षेत्र में लगातार चर्चा में बने हुए हैं। विधायक प्रतिदिन अपने पैतृक आवास ठाकुरपुर में जनता दर्शन आयोजित कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं सुनते हैं और संबंधित अधिकारियों से समन्वय कर उनके त्वरित समाधान का प्रयास करते हैं।
शुक्रवार को आयोजित जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी विभिन्न समस्याएं लेकर पहुंचे। इस दौरान मऊ ग्राम पंचायत के दशवंतपुर निवासी शिव वरदान सिंह (डब्बू) एवं धर्मराज सिंह (नान्ह) ने गांव के मेला मैदान में फोर-वे हाईमास्ट लाइट लगाने की मांग की। विधायक ने इसे जनहित का विषय बताते हुए 15 दिनों के भीतर हाईमास्ट लाइट स्थापित कराने का आश्वासन दिया।
इसी क्रम में बारीगोहन्ना ग्राम पंचायत के प्रधान प्रतिनिधि आनंद कुमार मिश्रा ने कड़रिया गांव स्थित रामनाथ के दरवाजे के तिराहे अथवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में फोर-वे हाईमास्ट लाइट लगाने तथा पूरे शुकुलन गांव की नई बस्ती के विद्युतीकरण की मांग रखी। विधायक ने हाईमास्ट लाइट लगाने का आश्वासन देते हुए कहा कि शुकुलन गांव के विद्युतीकरण का मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में प्रमुखता से उठाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गांव का पूर्ण विद्युतीकरण कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
विधायक श्याम सुंदर भारती ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देना उनकी जिम्मेदारी है। सड़क, बिजली और प्रकाश व्यवस्था जैसी मूलभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
जनता दर्शन के दौरान बड़ी संख्या में क्षेत्रवासियों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं, जिनके समाधान के लिए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर बाबू यादव, राम प्रताप, सचिव कुमार, सुमंत कुमार, महबूब अली, राजा राम सहित अनेक लोग मौजूद रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








