*रायबरेली* डलमऊ क्षेत्र के तेरूखा मजरे बक्का का पुरवा गांव में बुधवार को एक महिला का शव घर के अंदर संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।
मृतका की पहचान पूनम (36 वर्ष) पत्नी ब्रजेश के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार पूनम घर में अकेली रहती थीं। उनके पति ब्रजेश मुंबई में मजदूरी करते हैं और 13 वर्षीय बेटी सोनम नानी के घर रहती है। बुधवार को काफी देर तक घर में कोई हरकत न होने पर जब लोग अंदर गए तो पूनम का शव पड़ा मिला। इसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
*फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य*
घटना की जानकारी पर पहुंची फोरेंसिक टीम ने कमरे और आसपास का बारीकी से निरीक्षण किया। टीम ने फिंगरप्रिंट सहित अन्य अहम साक्ष्य एकत्र किए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
*पुलिस क्या बोली*
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। यदि परिजनों की तहरीर मिलती है या जांच में कोई संदिग्ध तथ्य सामने आता है तो उसी आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









