
महराजगंज (रायबरेली)। नगर पंचायत महराजगंज के वार्ड संख्या 6, आजाद नगर निवासी ज्ञानवती, पत्नी स्वर्गीय हनुमान प्रसाद गुप्ता ने अपने ही परिवार के सदस्य पर कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर उनकी संपत्ति पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने उपजिलाधिकारी महराजगंज को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, स्वर्गीय हनुमान प्रसाद गुप्ता के नाम दर्ज दुकान और मकान उनके निधन के बाद विधिक प्रक्रिया के तहत पत्नी ज्ञानवती और पुत्र अनिल कुमार के नाम दर्ज होने चाहिए थे। आरोप है कि अनिल कुमार ने कथित रूप से फर्जी दस्तावेज तैयार कर शासन-प्रशासन को गुमराह करते हुए पूरी संपत्ति अपने नाम दर्ज करा ली। साथ ही परिवार रजिस्टर से भी उनका नाम कटवा दिया और संपत्ति पर कब्जा कर लिया।
पीड़िता का आरोप है कि उनके घरेलू सामान पर भी कब्जा कर लिया गया है। उनका कहना है कि वह इस मामले में उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, कोतवाली, तहसील दिवस और थाना दिवस सहित विभिन्न अधिकारियों से कई बार शिकायत कर चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें लगातार जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं, जिससे वह भय के माहौल में जीवन व्यतीत करने को विवश हैं।
ज्ञानवती ने प्रशासन को चेतावनी दी कि यदि उनकी शिकायत का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो वह उपजिलाधिकारी कार्यालय के समक्ष आमरण अनशन करने के लिए बाध्य होंगी। उन्होंने अपने दिवंगत पति की संपत्ति में अपना वैधानिक नाम दर्ज कराने, संपत्ति पर कब्जा दिलाने तथा जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।
इस संबंध में प्रार्थना पत्र की प्रतिलिपि जिलाधिकारी रायबरेली, पुलिस अधीक्षक, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली महराजगंज तथा अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत महराजगंज को भी प्रेषित की गई है।
वहीं, देर शाम नायब तहसीलदार उमेश चंद्र त्रिपाठी तहसील परिसर पहुंचे और महिला से वार्ता कर उनका अनशन समाप्त कराया। उन्होंने आश्वासन दिया कि दोनों पक्षों को बुलाकर मामले की निष्पक्ष सुनवाई की जाएगी तथा नियमानुसार उसका निस्तारण कराया जाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








