
महराजगंज (रायबरेली)। पुलिस मुख्यालय लखनऊ की टीम ने महराजगंज स्थित हैदरगढ़ रोड पर बने अत्याधुनिक केंद्रीय वाहन यार्ड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान यार्ड की सुव्यवस्थित व्यवस्था और आधुनिक प्रबंधन प्रणाली की सराहना करते हुए इसे ‘रायबरेली मॉडल’ के रूप में चयनित किया गया। अब इसी मॉडल के आधार पर उत्तर प्रदेश के सभी जनपदों में आधुनिक केंद्रीय वाहन यार्ड विकसित किए जाएंगे।
अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि वर्ष 2023 में लगभग तीन एकड़ भूमि पर स्थापित इस केंद्रीय वाहन यार्ड में जिले के सभी थानों एवं परिवहन विभाग (RTO) द्वारा सीज किए गए वाहनों को सुरक्षित रखा जाता है। वाहनों के रखरखाव, अभिलेखों के संधारण और डिजिटल डेटा प्रबंधन के लिए यार्ड में दो कंप्यूटर ऑपरेटर तैनात किए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान एएसपी आलोक सिंह ने कोतवाल जगदीश यादव को निर्देश दिए कि यार्ड की साप्ताहिक वीडियोग्राफी कराई जाए, नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए तथा सभी वाहनों को थानावार व्यवस्थित कतारों में खड़ा कराया जाए, ताकि अभिलेखों और वाहनों के रखरखाव में किसी प्रकार की कठिनाई न हो।
पुलिस मुख्यालय की टीम ने यार्ड की आधुनिक सुविधाओं, बेहतर रिकॉर्ड कीपिंग और सुव्यवस्थित प्रबंधन की प्रशंसा करते हुए इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की है। माना जा रहा है कि महराजगंज का यह मॉडल प्रदेश के अन्य जनपदों में भी आधुनिक वाहन यार्ड विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






