गोंडा। कर्नलगंज तहसील क्षेत्र के ग्राम कचनापुर निवासी वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह के प्रतिभाशाली पुत्र दिव्यांश प्रताप सिंह ने एक बार फिर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट (CUET-UG 2026) में दिव्यांश ने फिजिक्स, केमिस्ट्री एवं मैथ्स (PCM) विषय समूह में 99.01 पर्सेंटाइल प्राप्त कर उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। कंप्यूटर साइंस एवं इंग्लिश जैसे वैकल्पिक विषयों में भी उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा।
दिव्यांश की यह लगातार तीसरी बड़ी राष्ट्रीय उपलब्धि है। इससे पूर्व वह एनडीए तथा जेईई एडवांस्ड जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय परीक्षाओं में भी सफलता प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुके हैं। अब CUET-UG 2026 में शानदार प्रदर्शन के साथ उन्होंने सफलता की हैट्रिक पूरी कर ली है। उनकी इस उपलब्धि से क्षेत्र एवं जिले में खुशी का माहौल है।
99.01 पर्सेंटाइल स्कोर के आधार पर दिव्यांश के लिए देश के प्रतिष्ठित केंद्रीय विश्वविद्यालयों जैसे दिल्ली विश्वविद्यालय (DU), जामिया मिल्लिया इस्लामिया (JMI) तथा बनारस हिन्दू विश्वविद्यालय (BHU) में प्रवेश की संभावनाएं काफी प्रबल हो गई हैं। शिक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि इस उत्कृष्ट स्कोर के बल पर उन्हें देश के अग्रणी संस्थानों में दाखिला मिलने की पूरी संभावना है।
अपनी सफलता का श्रेय देते हुए दिव्यांश ने बताया कि उन्होंने नियमित रूप से प्रतिदिन 8 से 10 घंटे स्वाध्याय किया। उन्होंने कहा कि एनसीईआरटी की पुस्तकों को आधार बनाकर अवधारणाओं को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया। माता-पिता, गुरुजनों और परिवार के सदस्यों का सहयोग एवं आशीर्वाद उनकी सफलता की सबसे बड़ी प्रेरणा रहा।
दिव्यांश के पिता एवं वरिष्ठ पत्रकार सुभाष सिंह ने पुत्र की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत में निरंतरता बनी रहे तो सीमित संसाधनों के बावजूद बड़ी से बड़ी मंजिल हासिल की जा सकती है।
जैसे ही परीक्षा परिणाम की जानकारी क्षेत्र में पहुंची, शुभचिंतकों, शिक्षकों, मित्रों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा दिव्यांश और उनके परिवार को बधाइयां देने का सिलसिला शुरू हो गया। ग्रामीणों ने इसे पूरे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताया है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







