गुरबक्श गंज/रायबरेली।क्षेत्र के एक ग्रामीण ने अपने ही परिजनों पर मकान और कृषि भूमि में हिस्सेदारी न देने तथा अवैध निर्माण कराने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। पीड़ित ने जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक रायबरेली को प्रार्थना पत्र देकर मामले में हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रार्थी मनोज ग्राम सराय मुबारक के अनुसार वह मेहनत-मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। उसने कर्ज लेकर दो कमरों का मकान बनवाया था, लेकिन उसके परिजन उसे मकान और पैतृक संपत्ति में हिस्सा नहीं देना चाहते हैं। आरोप है कि 29 मई 2026 को विपक्षी पक्ष द्वारा विवादित भूमि पर निर्माण कार्य कराया जा रहा था, जिसका विरोध करने पर गाली-गलौज, मारपीट तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़ित का कहना है कि उसने घटना की सूचना डायल 112 पर भी दी थी, लेकिन विपक्षी पक्ष राजवंत पत्नी रामखेलावन रामलखन पुत्र छूरी मोनू पुत्र राम लखन पुलिस की बात मानने को तैयार नहीं है। उसने यह भी आरोप लगाया कि परिवार को भय और तनाव के माहौल में जीवन यापन करना पड़ रहा है तथा उसके छोटे बच्चे भी इससे प्रभावित हैं।
प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि गाटा संख्या 455 की कृषि भूमि तथा पैतृक मकान में उसका वैधानिक हिस्सा बनता है, लेकिन उसे उससे वंचित किया जा रहा है। पीड़ित ने बताया कि पूर्व में प्रशासनिक अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और दोनों पक्षों के बीच बराबर हिस्सेदारी का सुझाव दिया था, किंतु विपक्षी पक्ष ने इसे स्वीकार नहीं किया।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों पक्षों को तलब कर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा मौके की जांच कराई जाए, पैतृक मकान एवं भूमि में उसका वैधानिक हिस्सा दिलाया जाए तथा विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को रोकते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाए।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






