
मनकापुर, गोण्डा। शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की शिकायतों एवं समस्याओं के त्वरित निस्तारण के उद्देश्य से सोमवार को तहसील मनकापुर में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल एवं मुख्य विकास अधिकारी दयानन्द प्रसाद ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 169 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 15 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए गए।जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने कहा कि समाधान दिवस में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण के लिए टीम गठित कर स्थलीय जांच कराई जाए तथा प्रत्येक शिकायत का निष्पक्ष और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से अवैध अतिक्रमण, चकरोड, तालाब की भूमि पर कब्जा, नाली एवं राजस्व संबंधी मामलों में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
डीएम ने अधिकारियों से कहा कि शिकायतकर्ताओं को मौके पर बुलाकर उनकी उपस्थिति में कार्रवाई की जाए तथा निस्तारण प्रक्रिया की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई जाए। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।समाधान दिवस के दौरान ग्राम गढ़ी विद्यानगर मोतीगंज निवासी अरुण कुमार पाठक ने शिकायत की कि ग्राम सभा की गाटा संख्या 150 की खलिहान भूमि पर कुछ लोगों द्वारा अवैध कब्जा कर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इस पर जिलाधिकारी ने नायब तहसीलदार सुभद्रा प्रसाद को मौके पर जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर प्रभागीय वनाधिकारी अनुराग प्रियदर्शी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतलाल, उपजिलाधिकारी मनकापुर अवनीश त्रिपाठी, प्रभारी तहसीलदार सुभद्रा प्रसाद, परियोजना निदेशक डीआरडीए सुशील कुमार पांडेय, जिला पंचायत राज अधिकारी लालजी दुबे, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






