हाता भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद, महिला ने तोड़फोड़ व धमकी का लगाया आरोप

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

चन्दापुर/रायबरेली। थाना क्षेत्र के मोहब्बतनगर गांव में हाता भूमि पर कब्जे को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। गांव निवासी मायादेवी पत्नी सियाराम ने गांव के ही पांच लोगों पर उनकी हाता भूमि में तोड़फोड़ करने, सामान उठा ले जाने तथा जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।पीड़िता मायादेवी के अनुसार 27 मई 2026 की शाम करीब पांच बजे उनकी हाता भूमि पर रखे जानवर बांधने के लिए बने खूँटे, चरही तथा बांस-बल्ली को विपक्षीगणों ने क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोप है कि मौके से 16 बल्लियां और 8 बांस भी खोलकर ले जाए गए। इसके अलावा भूमि के पीछे बनी दीवार तथा वहां स्थापित सरकारी नलकूप को भी नुकसान पहुंचाया गया।

मायादेवी का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर वह अपने पति के साथ मौके पर पहुंचीं और विरोध जताया। आरोप है कि इस दौरान विपक्षी लाठी-डंडा और कुल्हाड़ी लेकर मारने दौड़े तथा गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। भय के कारण दंपति वहां से लौट आए। पीड़िता ने बताया कि घटना का वीडियो उनके पुत्र के मोबाइल फोन में मौजूद है।

पीड़िता ने मामले की शिकायत चन्दापुर थाने में दी है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने का आरोप लगाया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है। वहीं, चन्दापुर थाना प्रभारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में है तथा दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें