

गोण्डा।जनपद गोंडा के तरबगंज विधानसभा क्षेत्र में राशन कार्ड से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक जीवित दिव्यांग व्यक्ति को कागजों में मृत दिखाकर उसकी राशन यूनिट काट दी गई। मामले को गंभीरता से लेते हुए क्षेत्रीय विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भेजकर पूरे प्रकरण की जांच कराने और दोषियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तरबगंज विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत दुकेड़िया, निवासी संदीप कुमार पुत्र ओमप्रकाश शारीरिक रूप से दिव्यांग हैं। उनके परिवार का राशन कार्ड संख्या 218341345567 बना हुआ है, जिसमें उनका नाम दर्ज था। आरोप है कि दिनांक 19 फरवरी 2026 को एक ही दिन में पहले उन्हें मृत दिखाया गया और फिर विस्थापित बताकर उनकी यूनिट राशन कार्ड से काट दी गई, जबकि संदीप कुमार पूरी तरह जीवित हैं और गांव में ही निवास कर रहे हैं।
इस पूरे प्रकरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं कि आखिर किस आधार पर एक जीवित व्यक्ति को रिकॉर्ड में मृत दिखा दिया गया और उसकी यूनिट हटा दी गई। इस लापरवाही या संभावित फर्जीवाड़े से दिव्यांग व्यक्ति के परिवार को सरकारी राशन से वंचित होना पड़ा है।
विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय ने जिला पूर्ति अधिकारी को भेजे पत्र में कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए और यदि किसी कर्मचारी या अन्य व्यक्ति की संलिप्तता पाई जाए तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज की जाए। साथ ही उन्होंने जांच की रिपोर्ट से उन्हें अवगत कराने की भी मांग की है।
इस घटना ने खाद्य एवं रसद विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते मामले का खुलासा न होता तो एक दिव्यांग व्यक्ति लंबे समय तक सरकारी योजना के लाभ से वंचित रह जाता।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज





