







सरयू महाविद्यालय मार्ग पर सड़क तोड़कर नाला मोड़ने का विरोध, स्थलीय निरीक्षण कर कार्य रोकने की मांग
गोण्डा, 13 मार्च 2026।कर्नलगंज क्षेत्र के सरयू महाविद्यालय मार्ग पर जे.पी.ओ.पी. विद्यालय के निकट कराए जा रहे नाला निर्माण को लेकर विवाद सामने आया है। विद्यालय के प्रबंधक ने निर्माण कार्य में तकनीकी खामियां बताते हुए मुख्यमंत्री जनसुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराते हुए जिलाधिकारी से हस्तक्षेप की मांग की है।
प्रबंधक द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार नगरपालिका परिषद द्वारा सरयू मार्ग पर नाला निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्धारित योजना के अनुसार नाला सीधे पुल से जोड़ा जाना चाहिए, लेकिन कार्यदायी संस्था नाले को सीधा ले जाने के बजाय मुख्य सड़क को तोड़कर दूसरी दिशा में मोड़ने का प्रयास कर रही है।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि जिस दिशा में नाले को जोड़ा जा रहा है, वहां ढाल (स्लोप) अधिक है। इससे भविष्य में नाले का पानी ओवरफ्लो होकर सड़क पर जमा होने की संभावना है, जिससे विद्यालय आने-जाने वाले बच्चों और राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।
इसके अलावा प्रबंधक ने आरोप लगाया है कि नाले को मोड़ने के लिए पहले से बनी पक्की सड़क को तोड़ा जा रहा है, जिससे सरकारी धन की हानि के साथ-साथ आवागमन भी प्रभावित हो रहा है।
विद्यालय प्रबंधक ने जिलाधिकारी से मांग की है कि संबंधित स्थल का स्थलीय निरीक्षण कराया जाए और सड़क को तोड़ने की कार्रवाई को रोका जाए। साथ ही नाले के निर्माण को उसकी स्वाभाविक दिशा में सीधे पुल से जोड़ने के निर्देश दिए जाएं, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्या उत्पन्न न हो।
प्रबंधक ने जनहित और छात्रहित को देखते हुए मामले में शीघ्र उचित कार्रवाई की अपेक्षा जताई है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
लोगों की निंदा से घबराकर, अपना रास्ता मत बदलना, क्योंकि सफलता शर्म से नहीं, साहस से मिलती है। हिन्द लेखनी न्यूज




