करनैलगंज तहसील में रिश्वतखोर राजस्व निरीक्षक रंगे हाथ गिरफ्तार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 12 सितम्बर 2025।भ्रष्टाचार के खिलाफ एण्टी करप्शन संगठन की बड़ी कार्रवाई में तहसील करनैलगंज के राजस्व निरीक्षक को 10,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया।

जानकारी के अनुसार, एण्टी करप्शन थाना देवीपाटन मंडल गोण्डा के निरीक्षक एवं ट्रैप टीम प्रभारी राम सहाय यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने यह सफल ट्रैप ऑपरेशन किया। टीम ने आरोपी राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला पुत्र राधा रमण शुक्ला, निवासी शक्ति नगर, इन्दिरानगर लखनऊ को तहसील करनैलगंज स्थित सरकारी आवास से शुक्रवार दोपहर 12:18 बजे रिश्वत लेते समय धर दबोचा।

शिकायतकर्ता श्री रामकुमार पुत्र श्री बिन्देश्वरी, निवासी ग्राम शाहपुर धनावा थाना परसपुर, तहसील करनैलगंज, जनपद गोण्डा ने एण्टी करप्शन संगठन में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि राजस्व निरीक्षक संजय शुक्ला ने उसकी जमीन की पैमाइश और रिपोर्ट लगाने के एवज में 10,000 रुपये की रिश्वत की मांग की थी।

एण्टी करप्शन की टीम ने मामले की पुष्टि के बाद जाल बिछाया और निरीक्षक को रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया। आरोपी के खिलाफ थाना कोतवाली देहात जनपद गोण्डा में मुकदमा पंजीकृत किया गया है।

गौरतलब है कि अभियुक्त संजय शुक्ला का जन्म 14 अप्रैल 1970 को हुआ था और वह 27 मई 1996 को सेवा में भर्ती हुआ था।

एण्टी करप्शन संगठन ने जनता से अपील की है कि किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार की शिकायत तत्काल हेल्पलाइन नंबर 9454402484, 9454402492 पर दर्ज कराएं, ताकि भ्रष्टाचार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जा सके।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

हिंद लेखनी न्यूज़, गोंडा (उत्तर प्रदेश) से प्रकाशित एक विश्वसनीय मंच है, जो निष्पक्ष, सटीक और सामाजिक सरोकारों से जुड़ी खबरें समयबद्ध रूप से प्रस्तुत करता है।

Leave a Comment

और पढ़ें