

पुरानी रंजिश में बाग में आग लगाने का आरोप, पीड़ित ने पुलिस से की कार्रवाई की मा
महराजगंज, रायबरेली। थाना क्षेत्र के पूरे भवन का पुरवा मजरे थुलवासा गांव में पराली में लगी आग की चपेट में आने से एक किसान का पेड़ों का बाग जलकर नष्ट हो गया। पीड़ित ने गांव के ही एक व्यक्ति पर पुरानी रंजिश के चलते जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाते हुए महराजगंज पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, पूरे भवन का पुरवा निवासी प्रतीक यादव पुत्र महादेव यादव लखनऊ में नौकरी करते हैं। उनका करीब 1.75 बीघे में पेड़ों का बाग है, जिसमें लगभग तीन हजार पेड़ लगे हुए थे। आरोप है कि उनके बाग के बगल स्थित खेत में शिवमोहन ने धान की फसल उगाई थी। फसल कटने के बाद खेत में पड़ी पराली में आग लग गई, जो फैलकर प्रतीक यादव के बाग तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से बाग के पेड़ जलकर नष्ट हो गए।
पीड़ित का आरोप है कि संबंधित व्यक्ति से उनका पहले से विवाद चल रहा है और पूर्व में उन्हें धमकी भी दी गई थी। इसी रंजिश के चलते साजिशन आग लगाए जाने की आशंका जताई है। पीड़ित के मुताबिक आग से करीब चार से पांच लाख रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना उन्हें सुबह करीब आठ बजे मिली, जिसके बाद उन्होंने मौके पर पहुंचकर नुकसान देखा और पुलिस को शिकायती पत्र दिया।
थाना प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि पीड़ित की ओर से शिकायती पत्र प्राप्त हुआ है। मामले की जांच कराई जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






