

गोलहा थुलवासा में आयोजित हुआ बहू-बेटी सम्मेलन, महिला सुरक्षा हेल्पलाइन और सरकारी योजनाओं की दी गई विस्तृत जानकारी
महराजगंज/रायबरेली। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर शासन की मंशा के अनुरूप पुलिस का जागरूकता अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में रविवार, 15 नवंबर को मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर मिशन शक्ति अभियान फेज-6.0 के तहत थाना महराजगंज की मिशन शक्ति टीम ने ग्राम गोलहा थुलबासा में बहू-बेटी सम्मेलन का आयोजन किया। कार्यक्रम में महिलाओं, बालिकाओं एवं पुरुषों को एकत्रित कर महिला सुरक्षा, अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया।
सम्मेलन के दौरान मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं को आपातकालीन सहायता के लिए जारी हेल्पलाइन नंबरों 1090, 181, 112, 1076, 102, 1930, 101 और 1098 की उपयोगिता एवं उनके माध्यम से मिलने वाली सहायता की विस्तार से जानकारी दी। टीम ने विशेष रूप से बताया कि महिला हेल्पलाइन 1090 पर शिकायत करने वाली महिला की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है, जिससे महिलाएं बिना किसी भय और संकोच के अपनी शिकायत दर्ज करा सकती हैं।
इसके साथ ही कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन, मातृशक्ति वंदन योजना और आंगनबाड़ी पोषण योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर पात्र लोगों को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया। महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनते हुए आवश्यक सहायता के प्रति आश्वस्त किया गया। रात्रि में महिलाओं की सुरक्षा के लिए संचालित महिला स्कॉर्ट-112 की व्यवस्था के बारे में भी बताया गया।
कार्यक्रम में बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों पर भी प्रहार किया गया। मिशन शक्ति टीम ने लोगों को बाल विवाह न करने, बालिकाओं की शिक्षा को प्राथमिकता देने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने का संदेश दिया। वहीं तंबाकू मुक्त युवा-4.0 अभियान के तहत युवाओं एवं ग्रामीणों को तंबाकू तथा अन्य मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने की अपील की गई। इसके दुष्परिणामों की जानकारी देते हुए स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करने का आह्वान किया गया।
इस अवसर पर मिशन शक्ति टीम ने स्पष्ट संदेश दिया कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा केवल कानून की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। जागरूकता, शिक्षा और सामाजिक सहभागिता से ही महिलाओं को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराया जा सकता है।
मिशन शक्ति टीम में उपनिरीक्षक लालजी यादव, मुख्य आरक्षी नवाब अली, महिला मुख्य आरक्षी गीता सिंह, महिला रिजर्व आरक्षी राधा कुमारी, आरक्षी सत्यम यादव एवं रिजर्व आरक्षी विवेक कुमार शामिल रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







