महराजगंज क्षेत्र के स्कूलों में धूमधाम से मनाया गया बाल दिवस, खेलकूद प्रतियोगिताओं और बाल मेले में बच्चों ने दिखाया हुनर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित, गुरुकुल पब्लिक स्कूल में बाल मेले का शुभारंभ

 

महराजगंज, रायबरेली। क्षेत्र के सरकारी एवं अर्धसरकारी विद्यालयों में शुक्रवार को देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के जन्मदिवस के अवसर पर बाल दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस मौके पर विभिन्न विद्यालयों में खेलकूद प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बाल मेलों का आयोजन किया गया। बच्चों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर कार्यक्रमों को यादगार बनाया।

सलेथू स्थित न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल में बाल दिवस के अवसर पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं के विजेताओं के साथ ही वर्षभर विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया गया। गायन, नृत्य, पोस्टर-ड्राइंग और निबंध लेखन प्रतियोगिताओं में अव्वल रहे बच्चों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

 

कार्यक्रम में अतिथि के रूप में पहुंचे हल्का दरोगा रोहित ने बच्चों का मनोबल बढ़ाते हुए कहा कि शिक्षा के साथ खेलकूद भी जीवन का अभिन्न अंग है। खेलकूद से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना का विकास होता है। उन्होंने बच्चों को पढ़ाई के साथ खेल गतिविधियों में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।

 

वहीं, पुरासी स्थित गुरुकुल पब्लिक स्कूल में प्रबंधक पूजा मिश्रा ने खेलकूद प्रतियोगिताओं एवं बाल मेले का शुभारंभ किया। बच्चों ने विभिन्न खेल गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया और बाल मेले में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

 

इसके अलावा क्षेत्र के कोटवा मदनिया, मोन, तौली, टीसाखानापुर, सलेथू सहित विभिन्न परिषदीय विद्यालयों में भी बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। विद्यालयों में आयोजित बाल मेलों में बच्चों ने खाने-पीने की छोटी-छोटी दुकानें सजाईं। इन दुकानों के माध्यम से बच्चों ने खरीदारी और बिक्री का अनुभव प्राप्त किया। बाल मेलों में बच्चों का उत्साह देखते ही बन रहा था।

 

न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल के कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने अतिथियों, शिक्षक-शिक्षिकाओं और अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

बाल दिवस के आयोजनों ने बच्चों को अपनी प्रतिभा दिखाने के साथ-साथ मनोरंजन, रचनात्मकता और आपसी सहयोग का संदेश भी दिया।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें