शराब के नशे में चाचा-भतीजे के बीच विवाद, धक्का लगने से गिरे चाचा की मौत

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

रायबरेली के जनई गांव में हुई घटना, सिर में ईंट लगने से गंभीर चोट लगने की आशंका; पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र के जनई गांव में रविवार देर रात चाचा और भतीजे के बीच शराब के नशे में हुए विवाद के बाद 50 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। शुरुआती जांच के अनुसार, कहासुनी के दौरान भतीजे ने अपने चाचा को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और उनके सिर में गंभीर चोट लग गई। उपचार के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, जनई गांव निवासी नरसिंह उर्फ ददन सिंह (50) की करीब 20 वर्ष पहले शादी हुई थी, लेकिन उनकी पत्नी उन्हें छोड़कर चली गई थी। उनकी कोई संतान नहीं थी। इसके बाद से वह अपने भाई के पुत्रों रौनक सिंह उर्फ खटका और राजवंश के साथ रहते थे।

 

बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 11 बजे नरसिंह उर्फ ददन सिंह और उनके भतीजे रौनक सिंह उर्फ खटका के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि शराब के नशे में विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच हाथापाई हुई। इसी दौरान रौनक ने अपने चाचा को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े। जमीन पर पड़ी ईंट लगने से उनके सिर में गंभीर चोट लग गई।

 

घटना के बाद परिजन घायल नरसिंह को उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। सोमवार को सुबह करीब 11:30 बजे पीआरवी के माध्यम से पुलिस को उनके घर पर मृत पड़े होने की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।

 

चंदापुर थाना प्रभारी राजीव सिंह के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें