गोण्डा। जिले के तीन आकांक्षात्मक विकास खण्डों में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी हकीकत परखने के लिए शासन द्वारा नामित नोडल अधिकारी 05 और 06 अक्टूबर को स्थलीय निरीक्षण करेंगे। इस दौरान बभनजोत, पंडरी कृपाल और रुपईडीह विकास खण्डों में योजनाओं की प्रगति और उपलब्धियों का भौतिक सत्यापन किया जाएगा।
शासन के निर्देश के क्रम में बभनजोत विकास खण्ड के लिए जसजीत कौर, प्रबंध निदेशक, उत्तर प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन को नोडल अधिकारी बनाया गया है। पंडरी कृपाल के लिए अर्चना वर्मा, मुख्य कार्यपालक अधिकारी, राष्ट्रीय स्वास्थ्य बीमा योजना तथा रुपईडीह के लिए कृतिका शर्मा, विशेष सचिव, चिकित्सा शिक्षा विभाग को नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकारी विभिन्न सरकारी योजनाओं की प्रगति, उपलब्धियों और धरातल पर हुए बदलावों का जायजा लेंगे। इसके साथ ही जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी के साथ बैठक कर विकास खण्डों में संचालित योजनाओं की स्थिति पर चर्चा की जाएगी।
शासन के निर्देश पर संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक अभिलेख और आंकड़े अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए हैं। निरीक्षण में खण्ड विकास अधिकारी, Aspirational Block Fellow एवं CM Fellow समेत संबंधित अधिकारियों की भी भूमिका रहेगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।




