महराजगंज, रायबरेली। स्थानीय पुलिस ने बावन बुजुर्ग बल्ला गांव स्थित राणा बेनी हनुमान मंदिर में हुई चोरी के मामले में वांछित चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी गए मंदिर के घंटे-घंटियां, हनुमान जी की गदा समेत अन्य पूजा सामग्री बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मंदिर में चोरी की घटना हुई थी। पुजारी संगम लाल पुत्र रमेश चंद्र ने 1 अक्टूबर को पुलिस को तहरीर देकर बताया था कि सुबह मंदिर पहुंचने पर घंटे-घंटियां, हनुमान जी की गदा और अन्य पूजा-पाठ की सामग्री गायब मिली। चोरी गए एक घंटे पर राज कुमार तथा दूसरे पर जय बड़े बाबा राम अवतार सिकंदरपुर लिखा हुआ था।
पुजारी की तहरीर के आधार पर पुलिस ने कपिल पुत्र सर्वेश निवासी काशीराम कॉलोनी, थाना मिल एरिया समेत उसके अन्य साथियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।
शुक्रवार दोपहर मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नेवाजगंज नहर के पास घेराबंदी कर आरोपी कपिल को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से मंदिर से चोरी किए गए घंटे, हनुमान जी की गदा समेत अन्य सामान बरामद हुआ।
कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







