सरयू नदी का जलस्तर घटा, एल्गिन ब्रिज पर खतरा टला नहीं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

एल्गिन ब्रिज पर नदी का जलस्तर खतरे के निशान से 34 सेंटीमीटर ऊपर, अयोध्या में जलस्तर स्थिर

गोण्डा/कर्नलगंज। सरयू नदी के जलस्तर में बुधवार को लगातार गिरावट दर्ज की गई। एल्गिन ब्रिज पर बुधवार शाम चार बजे नदी का जलस्तर 106.410 मीटर दर्ज किया गया, जो खतरे के निशान 106.070 मीटर से अभी भी 34 सेंटीमीटर ऊपर है। हालांकि नदी के जलस्तर में लगातार कमी का रुख बना हुआ है।

प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, 29 सितंबर की रात आठ बजे एल्गिन ब्रिज पर जलस्तर 106.790 मीटर था, जो 30 सितंबर की सुबह आठ बजे घटकर 106.570 मीटर, दोपहर 12 बजे 106.520 मीटर और शाम चार बजे 106.410 मीटर पहुंच गया। इस तरह करीब 20 घंटे में जलस्तर में 38 सेंटीमीटर की कमी दर्ज की गई।

वहीं अयोध्या में सरयू नदी का जलस्तर बुधवार शाम चार बजे 93.080 मीटर रहा। यहां खतरे का निशान 92.730 मीटर है। जलस्तर खतरे के निशान से 35 सेंटीमीटर ऊपर है। अयोध्या में सुबह से दोपहर तक जलस्तर में मामूली वृद्धि के बाद शाम चार बजे स्थिति स्थिर दर्ज की गई।

24 घंटे में घटा नदी में आने वाला पानी

बुधवार शाम चार बजे सरयू नदी में कुल 3,06,548 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज दर्ज किया गया। इसमें गिरिजा बैराज से 1,34,435 क्यूसेक, शारदा बैराज से 1,42,466 क्यूसेक, सरयू बैराज से 5,650 क्यूसेक और सुहेली बैराज से 23,997 क्यूसेक पानी शामिल रहा।

इससे पहले 29 सितंबर की रात आठ बजे कुल डिस्चार्ज 3,45,554 क्यूसेक था। बुधवार सुबह यह घटकर 3,28,478 क्यूसेक और दोपहर 12 बजे 3,12,131 क्यूसेक हो गया। शाम तक कुल डिस्चार्ज में और कमी दर्ज की गई।

लगातार घटते जलस्तर से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत की उम्मीद जगी है, हालांकि एल्गिन ब्रिज और अयोध्या में नदी का जलस्तर अभी भी खतरे के निशान से ऊपर होने के कारण निगरानी बनाए रखना जरूरी है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें