थाना चंदापुर में हादसे के विवाद में मुकदमा दर्ज
महराजगंज, रायबरेली। चंदापुर थाना क्षेत्र में नहर के पास हुए सड़क हादसे को लेकर हुए विवाद में युवक ने पांच लोगों पर गाली-गलौज, लाठी-डंडों से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने थाना पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज करने और मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है।
पूरे जुड़ई मजरे चंदापुर निवासी अभिषेक कुमार के मुताबिक 22 सितंबर की रात करीब एक बजे चंदापुर नहर के पास दो मोटरसाइकिलों की टक्कर हो गई थी। हादसे के बाद दोनों पक्षों में विवाद हो रहा था। शोर सुनकर अभिषेक भी मौके पर पहुंच गया। उसने विवाद शांत कराने के लिए कहा कि हादसा हो गया है, गलती किसी की भी हो सकती है। आरोप है कि इसी बात पर पंकज सिंह ने उसके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित का आरोप है कि गाली देने का विरोध करने पर पंकज सिंह ने अपने साथियों अरविंद सिंह, डिम्पल सिंह, दीपक सिंह और अंकित सिंह को बुला लिया। सभी ने लाठी-डंडों से उसके साथ मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे गांव के रजितराम के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि हमलावरों ने जान से मारने की धमकी देते हुए कहा कि वे गांव में घुसकर मारेंगे और गोली मार देंगे।
अभिषेक ने 29 सितंबर को चंदापुर थाने में तहरीर देकर नामजद आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने तथा मेडिकल परीक्षण कराने की मांग की है।
थाना प्रभारी चंदापुर अरविंद सिंह ने बताया कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






