


महराजगंज (रायबरेली)। तहसील क्षेत्र में बाढ़ और अतिवृष्टि से धान की फसल को हुए नुकसान की क्षतिपूर्ति समेत विभिन्न मांगों को लेकर मंगलवार को राष्ट्रीय समाज सेवक संघ की ओर से उपजिलाधिकारी महराजगंज के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि अधिक बारिश के कारण तहसील क्षेत्र के अधिकांश गांवों में खेतों में पानी भर गया है, जिससे धान की फसल प्रभावित हुई है। कई किसानों की पूरी फसल नष्ट हो गई, जबकि अन्य किसानों को भी कम-अधिक नुकसान उठाना पड़ा है। इससे किसानों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
संघ ने मांग की कि प्रभावित सभी गांवों में फसल क्षति का व्यापक सर्वे कराया जाए और नुकसान के अनुपात में किसानों को नियमानुसार आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए। साथ ही महराजगंज तहसील क्षेत्र को बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग भी की गई।
ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कई वर्षों से बरसात के दौरान क्षेत्र में जलभराव और बाढ़ के कारण धान की फसल प्रभावित होती रही है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका। इसके अलावा शाम के समय होने वाली बिजली कटौती में सुधार की मांग की गई, ताकि बच्चों की पढ़ाई और ग्रामीण परिवारों की दैनिक व्यवस्था प्रभावित न हो।
ज्ञापन राष्ट्रीय अध्यक्ष राम कुमार एडवोकेट, हाईकोर्ट लखनऊ और राष्ट्रीय महासचिव रामेश्वर लोधी के नाम से प्रेषित किया गया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







