


गोंडा: उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में कानून व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने और प्रशासनिक कसावट लाने के उद्देश्य से पुलिस विभाग में अब तक का सबसे बड़ा फेरबदल देखने को मिला है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अभिषेक द्वारा जारी आदेश के अनुसार जिले के थानों, चौकियों और विभिन्न शाखाओं में तैनात 443 कंप्यूटर ऑपरेटरों, मुख्य आरक्षकों, आरक्षकों और महिला आरक्षकों का एक साथ स्थानांतरण कर दिया गया है।

जनहित और प्रशासनिक हित में फैसला
पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार, यह निर्णय जनहित और प्रशासनिक हित को ध्यान में रखते हुए जनपदीय स्थापना बोर्ड द्वारा लिया गया है। आदेश में स्पष्ट निर्देश दिया गया है कि सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से नवीन तैनाती स्थल के लिए रवाना किया जाए।
कई थानों व महत्वपूर्ण शाखाओं के बदले कर्मी
इस व्यापक फेरबदल के तहत जिले के प्रमुख थानों—जैसे कर्नलगंज, कटरा बाजार, नवाबगंज, वजीरगंज, इटियाथोक, धानेपुर, तरबगंज, मनकापुर, छपिया, खोड़ारे, परसपुर, कौड़िया और कोतवाली देहात/नगर के साथ-साथ अभियोजन कार्यालय, साइबर सेल, जन शिकायत प्रकोष्ठ, सीसीसीटीएनएस शाखा, सर्विलांस सेल और मीडिया सेल में तैनात पुलिसकर्मियों के दायित्वों में बदलाव किया गया है।
तत्काल अनुपालन के सख्त निर्देश
पुलिस अधीक्षक (अभिषेक) के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश में सभी थानाध्यक्षों, प्रभारी निरीक्षकों और शाखा प्रभारियों को सख्त निर्देश दिए गए हैं कि स्थानांतरित कर्मचारियों की कार्यमुक्ति (रवानगी) की अनुपालन आख्या वाचक कार्यालय में लौटती डाक से अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं।
इस बड़े फेरबदल की प्रतिलिपि जिले के अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी/पश्चिमी), समस्त क्षेत्राधिकारियों, प्रतिसार निरीक्षक और कंट्रोल रूम को आवश्यक कार्रवाई हेतु भेज दी गई है।
आपकी राय? गोंडा पुलिस प्रशासन द्वारा किए गए इस बड़े स्तर के फेरबदल को आप किस रूप में देखते हैं? क्या इससे जिले में कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग प्रणाली में सुधार होगा? अपनी राय कॉमेंट बॉक्स में जरूर दर्ज करें।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







