विनोद साहनी की इलाज के दौरान मौत, हत्या के मुकदमे में बदली धाराएं?

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

बर्तन व्यापारी पर घात लगाकर हमला, धारदार हथियारों से वार का आरोप; तीन नामजद समेत 5-7 अज्ञात पर मुकदमा, दो आरोपी गिरफ्तार

परसपुर/गोंडा। परसपुर थाना क्षेत्र की शाहपुर चौकी अंतर्गत रेक्सड़िया गांव में बर्तन व्यापारी और निषाद पार्टी कार्यकर्ता विनोद कुमार साहनी पर हुए जानलेवा हमले ने गुरुवार को गंभीर मोड़ ले लिया। लखनऊ में इलाज के दौरान विनोद की मौत हो गई। मौत की सूचना मिलते ही क्षेत्र में आक्रोश फैल गया और मौके पर पहुंचे निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद के सामने लोगों ने नारेबाजी कर रोष जताया।

 

पुलिस के अनुसार, 10 सितंबर को मृतक के परिजन की ओर से दी गई तहरीर के आधार पर 9 सितंबर की रात करीब आठ बजे हुई घटना को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। तहरीर में बताया गया कि विनोद अपनी बर्तन की दुकान बंद कर घर रेक्सड़िया लौट रहे थे। लल्लन यादव की दुकान के पास तीन-चार मोटरसाइकिलों से पहुंचे करीब 8-10 लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट शुरू कर दी।

 

तहरीर के मुताबिक हमलावरों के पास कांता और भाला जैसे धारदार हथियार थे। हमले के दौरान विनोद ने कुछ आरोपियों को पहचानने की बात भी कही। मामले में शुभम सिंह उर्फ गोलू सिंह पुत्र हरिप्रताप सिंह, आकाश सिंह तथा सुभाष सिंह पुत्र नंदकुमार सिंह को नामजद किया गया है। इसके अलावा 5-7 अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।

 

पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 115(2) और 118(1) के तहत मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज किया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अंकित सिंह द्वारा की जा रही है। पुलिस के मुताबिक घायल विनोद की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत हो गई, जिसके बाद नियमानुसार आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।

 

मौत की खबर पर पहुंचे संजय निषाद, लोगों में आक्रोश

 

विनोद साहनी की मौत की सूचना मिलते ही निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं कैबिनेट मंत्री डॉ. संजय निषाद मौके पर पहुंचे। उनके पहुंचते ही आक्रोशित लोगों ने नारेबाजी शुरू कर दी। इससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। पुलिस-प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

 

वहीं, मामले में पुलिस की ओर से आरोपियों की गिरफ्तारी और आगे की कार्रवाई जारी है। मृतक के परिवार और स्थानीय लोगों में घटना को लेकर भारी आक्रोश बताया जा रहा है।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें