फिटनेस, परमिट और इंश्योरेंस फेल मिलने पर श्री साईं एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स कॉलेज कर्नलगंज की बसों पर कार्रवाई, स्कूल वाहन संचालकों में मचा हड़कंप।

गोण्डा, 10 अगस्त 2026। शासन के निर्देश पर विद्यालयों में संचालित वाहनों की सुरक्षा और वैध अभिलेखों की जांच को लेकर परिवहन विभाग का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय के नेतृत्व में गठित संयुक्त टीम ने विभिन्न विद्यालयों के वाहनों की जांच की। जांच के दौरान कर्नलगंज स्थित श्री साईं एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स कॉलेज की तीन स्कूल बसें नियमों के अनुरूप नहीं मिलीं।
जांच में तीनों बसों की फिटनेस, परमिट और इंश्योरेंस फेल पाए गए। विद्यालयी बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग की टीम ने नियमानुसार कार्रवाई करते हुए तीनों बसों को जब्त कर लिया। कार्रवाई के बाद स्कूल वाहन संचालकों में हड़कंप की स्थिति देखी गई।
बच्चों की सुरक्षा से समझौता नहीं
एआरटीओ प्रशासन आर.सी. भारतीय ने कहा कि विद्यालयों में बच्चों के आवागमन के लिए संचालित वाहनों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रत्येक स्कूल बस का फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, बीमा सहित अन्य आवश्यक अभिलेख वैध और अद्यतन होना अनिवार्य है।
उन्होंने कहा कि वाहन को निर्धारित मानकों के अनुरूप रखना और उसमें यात्रा करने वाले बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करना विद्यालय प्रबंधन एवं वाहन स्वामियों की जिम्मेदारी है।
लगातार जारी रहेगा जांच अभियान
परिवहन विभाग ने सभी विद्यालय प्रबंधनों और स्कूल वाहन स्वामियों से अपने वाहनों के समस्त दस्तावेज समय से अपडेट रखने की अपील की है। विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि विद्यालय वाहनों की जांच का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
जांच के दौरान यदि किसी वाहन में फिटनेस, परमिट, इंश्योरेंस अथवा अन्य आवश्यक अभिलेखों में कमी पाई जाती है, तो संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। परिवहन विभाग ने विद्यालय संचालकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए केवल सुरक्षित, वैध और निर्धारित मानकों के अनुरूप वाहनों का ही संचालन सुनिश्चित करें।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









