बाराबंकी। श्रावण मास मेला-2026 के दौरान लाखों कांवड़ियों एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुचारु आवाजाही सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने जनपद में व्यापक यातायात डायवर्जन व्यवस्था लागू कर दी है। मेले की अवधि तक प्रभावी रहने वाली इस व्यवस्था के तहत भारी एवं हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं, जबकि रोडवेज बसों के संचालन में भी आवश्यक बदलाव किए गए हैं।
यातायात योजना के अनुसार गोण्डा और बहराइच से बाराबंकी व लखनऊ की ओर आने वाले भारी वाहनों को टिकोरा मोड़ से चाहलारी घाट होते हुए सीतापुर मार्ग से भेजा जाएगा। वहीं हल्के वाहन चौकाघाट, मरकामऊ, बदोसराय और सफदरगंज मार्ग से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे। इसी प्रकार लखनऊ से गोण्डा और बहराइच जाने वाले भारी वाहन भी सीतापुर-चाहलारी घाट मार्ग का उपयोग करेंगे, जबकि छोटे वाहन सफदरगंज, बदोसराय और चौकाघाट होकर गुजरेंगे।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने बाराबंकी शहर के प्रमुख प्रवेश मार्गों—हिंद हॉस्पिटल, असैनी मोड़, हैदरगढ़ ओवरब्रिज, पल्हरी ओवरब्रिज और चौपुला—से भारी वाहनों के प्रवेश पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया है। इसके अलावा देवा स्थित एफसीआई गोदाम जाने वाले वाहनों के लिए अलग मार्ग निर्धारित किया गया है। फतेहपुर कस्बे में फूलपुर चौराहा तथा मोहम्मदपुर खाला की ओर से रामनगर आने वाले भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक रहेगी।
व्यापारिक मालवाहक वाहनों को शहर में केवल रात्रि 11 बजे से सुबह 4 बजे के बीच ही माल उतारने की अनुमति होगी। इसके लिए वाहन संचालकों को पूर्व सूचना यातायात प्रभारी को देनी होगी तथा कांवड़ यात्रा के दौरान विशेष सावधानी बरतनी होगी।
रोडवेज बसों के संचालन में भी बदलाव किया गया है। बाराबंकी डिपो की रामनगर रूट की बसें चौपुला, सफदरगंज, बदोसराय और टिकैतनगर होकर संचालित होंगी। आवश्यकता पड़ने पर लखनऊ से आने वाली बसों को हैदरगढ़ बाईपास एवं बड़ेल-सतरिख नाका मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं गोण्डा, बहराइच, बलरामपुर और रूपईडीहा डिपो की बसों को सीतापुर-चाहलारी घाट मार्ग से भेजा जाएगा।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि डायवर्जन व्यवस्था के दौरान एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड तथा अन्य सभी आपातकालीन सेवाओं के वाहनों को किसी भी स्थिति में नहीं रोका जाएगा। पुलिस एवं यातायात विभाग ने वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।







