महराजगंज/रायबरेली। मुख्यालय महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार रविवार को मिशन शक्ति अभियान फेज-5.0 के द्वितीय चरण के तहत थाना कोतवाली नगर की मिशन शक्ति टीम ने थाना महराजगंज क्षेत्र के ग्राम पिंडारी खुर्द में ‘बहू-बेटी सम्मेलन’ एवं चौपाल का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना रहा।
सम्मेलन में बड़ी संख्या में महिलाओं एवं बालिकाओं ने भाग लिया। मिशन शक्ति टीम ने महिला सुरक्षा से जुड़े संवैधानिक अधिकारों की जानकारी देते हुए 1090 महिला पावर लाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 102 व 108 एम्बुलेंस सेवा, 1930 साइबर हेल्पलाइन, 101 अग्निशमन सेवा तथा 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन के बारे में विस्तार से बताया। साथ ही यह भी बताया गया कि 1090 पर की गई शिकायतों में शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, वृद्धावस्था पेंशन, निराश्रित महिला पेंशन तथा मातृशक्ति वंदन योजना जैसी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा उपस्थित महिलाओं की समस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए।
मिशन शक्ति टीम ने महिलाओं एवं बालिकाओं से अपील की कि छेड़छाड़, घरेलू हिंसा, साइबर अपराध, उत्पीड़न या किसी भी प्रकार की आपराधिक घटना होने पर बिना किसी संकोच के तत्काल पुलिस से संपर्क करें और हेल्पलाइन सेवाओं का उपयोग करें।
इस जनजागरूकता कार्यक्रम में उपनिरीक्षक राधेश्याम वर्मा, मुख्य आरक्षी शत्रुजीत राय, महिला मुख्य आरक्षी गीता सिंह, महिला कांस्टेबल प्रीती राना, महिला आरक्षी हिमानी तोमर, बीट आरक्षी तथा क्षेत्र के संभ्रांत नागरिकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।








