कटरा बाजार (गोंडा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कटरा बाजार से कुछ ही दूरी पर संचालित एक निजी डायग्नोस्टिक सेंटर के दोबारा संचालन को लेकर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। स्थानीय सूत्रों का दावा है कि कुछ समय पूर्व मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) गोंडा के निर्देश पर सीएचसी प्रशासन की मौजूदगी में जनता डायग्नोस्टिक सेंटर पर कार्रवाई करते हुए उसका संचालन बंद कराया गया था।
अब स्थानीय लोगों का आरोप है कि उक्त डायग्नोस्टिक सेंटर फिर से संचालित हो रहा है। साथ ही कुछ लोगों ने आरोप लगाया है कि मरीजों को आशा कार्यकर्ताओं के माध्यम से यहां भेजा जाता है। हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।
लोगों का कहना है कि यदि किसी अनियमितता के कारण सेंटर को बंद कराया गया था तो बिना स्पष्ट जानकारी के उसका संचालन दोबारा कैसे शुरू हो गया। क्षेत्र में कई अन्य निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों के संचालन को लेकर भी जांच की मांग उठ रही है।
इस संबंध में जब सीएचसी अधीक्षक डॉ. इंदु राणा से बात की गई तो उन्होंने बताया कि, “डायग्नोस्टिक सेंटर को सीएमओ साहब के निर्देश पर बंद कराया गया था और अब उन्हीं के आदेश के बाद दोबारा संचालित हो रहा है। इस संबंध में अधिक जानकारी के लिए आप सीएमओ साहब से बात कर सकते हैं।”
फिलहाल इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। स्थानीय नागरिकों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर यह स्पष्ट किए जाने की मांग की है कि डायग्नोस्टिक सेंटर का संचालन किस आधार पर दोबारा शुरू कराया गया तथा सभी निजी डायग्नोस्टिक केंद्रों की वैधानिक स्थिति की भी जांच की जाए।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।









