जिलाधिकारी ने निःशुल्क टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना*

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

*गांव-गांव पहुंचकर खुरपका-मुंहपका रोग की रोकथाम के लिए होगा निःशुल्क टीकाकरण अभियान*

*गोण्डा 22 जुलाई,2026*।
जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने आज कलेक्ट्रेट परिसर से पशुपालन विभाग द्वारा संचालित खुरपका-मुंहपका (एफएमडी) रोग की रोकथाम हेतु निःशुल्क टीकाकरण अभियान के तहत विशेष टीकाकरण वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पशुधन किसानों एवं पशुपालकों की आजीविका का महत्वपूर्ण आधार है। पशुओं को संक्रामक बीमारियों से सुरक्षित रखना न केवल उनकी उत्पादकता बढ़ाने के लिए आवश्यक है, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भी इसकी महत्वपूर्ण भूमिका है।
जिलाधिकारी ने बताया कि पशुपालन विभाग द्वारा संचालित यह विशेष वाहन जनपद के प्रत्येक गांव तक पहुंचकर पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण करेगा।

उन्होंने कहा कि खुरपका-मुंहपका एक अत्यंत संक्रामक रोग है, जो पशुओं के स्वास्थ्य एवं दुग्ध उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। समय पर टीकाकरण के माध्यम से इस बीमारी की प्रभावी रोकथाम संभव है। उन्होंने सभी पशुपालकों से अपील की कि वे इस अभियान का अधिक से अधिक लाभ उठाएं तथा अपने सभी पात्र पशुओं का टीकाकरण अवश्य कराएं।

जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अभियान को पूरी गंभीरता, पारदर्शिता एवं गुणवत्ता के साथ संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक गांव में निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार पहुंचकर शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त किया जाए तथा पशुपालकों को टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक भी किया जाए। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि अभियान के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और प्रत्येक पशुपालक तक विभागीय सेवाएं समयबद्ध ढंग से पहुंचाई जाएं।

मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने बताया कि अभियान के अंतर्गत जनपद के पात्र गोवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का निःशुल्क टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए विभागीय पशु चिकित्सकों एवं पैरावेट कर्मचारियों की टीमें गठित की गई हैं, जो टीकाकरण वाहन के माध्यम से गांव-गांव पहुंचकर निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कार्य करेंगी। साथ ही पशुपालकों को पशुओं के स्वास्थ्य संरक्षण, रोगों की पहचान, स्वच्छता तथा वैज्ञानिक पशुपालन संबंधी आवश्यक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी, पशुपालन विभाग के चिकित्सक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। जनपद प्रशासन ने सभी पशुपालकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने तथा अपने पशुओं का समय से टीकाकरण कराकर उन्हें खुरपका-मुंहपका जैसी गंभीर संक्रामक बीमारी से सुरक्षित रखने की अपील की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें