भूजल सप्ताह का शुभारंभ: डीएम प्रियंका निरंजन ने दिलाई जल संरक्षण की शपथ, जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

गोण्डा, 16 जुलाई। “भूजल सप्ताह” के अंतर्गत गुरुवार को जिला पंचायत सभागार में जिलाधिकारी श्रीमती प्रियंका निरंजन की अध्यक्षता में जल संरक्षण एवं भूजल संवर्धन को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य जनसामान्य में जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से भूजल संरक्षण अभियान को जन-आंदोलन का स्वरूप देना रहा।

कार्यक्रम में अधिकारियों को “जल संरक्षण का करें संकल्प, इसका नहीं है कोई विकल्प” विषय पर विस्तार से जानकारी दी गई। इस दौरान भूजल स्तर में लगातार हो रही गिरावट, वर्षा जल संचयन की आवश्यकता, जल के विवेकपूर्ण उपयोग तथा भावी पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों के संरक्षण पर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने सभी अधिकारियों को जल संरक्षण की शपथ दिलाई तथा जन-जागरूकता के लिए प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने बताया कि भूजल सप्ताह का आयोजन 16 जुलाई से 22 जुलाई तक किया जाएगा, जिसके अंतर्गत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित होंगे।

डीएम ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी योजनाओं का विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक और सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागों को निर्देश दिए कि विद्यालयों, ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों एवं सार्वजनिक स्थलों पर जनभागीदारी के साथ व्यापक जागरूकता अभियान चलाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक जल संरक्षण का संदेश पहुंच सके।

बैठक में अधिकारियों को वर्षा जल संचयन को बढ़ावा देने, पारंपरिक जल स्रोतों के संरक्षण, तालाबों एवं जलाशयों के पुनर्जीवन तथा जल के दुरुपयोग को रोकने के लिए स्थानीय स्तर पर विशेष अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर भूजल संरक्षण से संबंधित गतिविधियों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी दयानंद प्रसाद, लघु सिंचाई विभाग एवं भूजल विभाग के अधिकारी, समस्त खंड विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। सभी अधिकारियों ने जल संरक्षण को जन-आंदोलन बनाने और भूजल सप्ताह के दौरान व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाने का संकल्प लिया।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें