महिला पत्रकार सोनी कुमारी पर हमले के मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी की मांग, राज्यपाल के नाम सौंपा गया ज्ञापन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज (रायबरेली)। महिला पत्रकार एवं ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन प्रेस क्लब महाराजगंज की अध्यक्षा सोनी कुमारी पर हुए कथित जानलेवा हमले के मामले में पत्रकारों और क्षेत्र के नागरिकों ने मुख्य आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग को लेकर उत्तर प्रदेश के माननीय राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी महाराजगंज के माध्यम से सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि 14 जुलाई 2026 को सोनी कुमारी के साथ कथित रूप से मारपीट, लूटपाट और जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया गया। इस मामले में थाना महाराजगंज में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद मुख्य आरोपी रामनरेश प्रजापत्ति उर्फ जादूगर की अब तक गिरफ्तारी नहीं होने पर पत्रकारों ने नाराजगी जताई।

ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया गया है कि मुख्य आरोपी पूर्व में सजायाफ्ता रह चुका है तथा उस पर पुलिस संरक्षण में अवैध रूप से हरे पेड़ों की कटान कराने जैसे गंभीर आरोप भी हैं। पत्रकारों का कहना है कि इस घटना से क्षेत्र के पत्रकारों और प्रबुद्ध नागरिकों में भारी आक्रोश है तथा कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ी है।

पत्रकारों ने प्रशासन से मांग की है कि मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच कर मुख्य आरोपी को तत्काल गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। साथ ही प्रदेश भर में पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

ज्ञापन के साथ दर्ज मुकदमे की एफआईआर की प्रति भी संलग्न की गई है। ज्ञापन सौंपने वालों ने प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कदम उठाने की मांग की।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें