
शिक्षकों और विद्यार्थियों ने बैंड-बाजे के साथ किया जनजागरण, प्रत्येक विद्यालय में पांच नए नामांकन का रखा गया लक्ष्य।
महराजगंज (रायबरेली)। ‘स्कूल चलो अभियान’ के तहत बुधवार को ब्लॉक संसाधन केंद्र पाली से महाराजगंज कस्बे तक एक भव्य पैदल मार्च निकाला गया। शिक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने और परिषदीय विद्यालयों में छात्र-छात्राओं का नामांकन बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस रैली में सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं तथा उच्च प्राथमिक विद्यालय महाराजगंज के विद्यार्थियों ने बैंड-बाजे के साथ उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पैदल मार्च के दौरान शिक्षकों और विद्यार्थियों ने लोगों को परिषदीय विद्यालयों में उपलब्ध गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, यूनिफॉर्म, मध्यान्ह भोजन तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्र हितैषी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही अभिभावकों से अपने बच्चों का विद्यालयों में नामांकन कराने की अपील की।
इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी राम मिलन यादव ने शिक्षकों को संबोधित करते हुए प्रत्येक विद्यालय में कम से कम पांच नए विद्यार्थियों का नामांकन सुनिश्चित करने का लक्ष्य दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज के विकास की आधारशिला है और प्रत्येक शिक्षक की जिम्मेदारी है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के ब्लॉक अध्यक्ष मधुकर सिंह सहित दयाशंकर अवस्थी, दिलीप अवस्थी, दिव्या प्रताप, प्रदीप चौरसिया, राकेश गौतम, सुरेश द्विवेदी, प्रियंका पांडेय, मीणा, राधारानी, सीमा गुप्ता, रेखा मौर्य, सावित्री, आरती जायसवाल, पूजा सिंह, नीलमा श्रीवास्तव, पूनम तथा सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।






