
महराजगंज, रायबरेली।कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी के नेतृत्व में सोमवार को महराजगंज तहसील परिसर में भाजपा सरकार की जनविरोधी एवं संविधान विरोधी नीतियों के विरोध में धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं ने भारत के राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम को सौंपा।

धरने को संबोधित करते हुए कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था, किसानों, उपभोक्ताओं और आम जनता से जुड़े विभिन्न मामलों में सरकार का रवैया अन्यायपूर्ण है। उन्होंने कई मुद्दों को उठाते हुए शीघ्र कार्रवाई की मांग की।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से मेरठ के एसएसपी पर कार्रवाई, ललिता गौतम हत्याकांड के पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, प्रदर्शनकारियों एवं अधिवक्ता रवि गौतम पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, बिना सूचना बिजली बिलों में कथित मनमानी बढ़ोतरी रोकने, सलोन थाना क्षेत्र के खमरिया पूरे कुशल में प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मुकदमे वापस लेने, किसानों को तत्काल खाद उपलब्ध कराने तथा उपभोक्ताओं को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली देने की मांग की गई।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि आगामी 15 दिनों के भीतर उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की गई तो महराजगंज में व्यापक धरना-प्रदर्शन और घेराव आंदोलन किया जाएगा।
धरना-प्रदर्शन में कांग्रेस के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके बाद राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन उप जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम को सौंपा गया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।



