
महराजगंज (रायबरेली):प्रदेश सरकार के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत शनिवार को नगर पंचायत महराजगंज के पूरे बहेलियन स्थित एमआरएफ सेंटर परिसर में वृक्षारोपण महायज्ञ–2026 का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में उपजिलाधिकारी (एसडीएम) चंद्र प्रकाश गौतम एवं चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी देखभाल करने की अपील की।
इस अवसर पर एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपनी मां के सम्मान में एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने का आह्वान करते हुए कहा कि यही आने वाली पीढ़ियों को स्वच्छ और हरित वातावरण देने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
चेयरमैन प्रतिनिधि प्रभात साहू ने कहा कि केवल पौधरोपण करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि पौधों को सुरक्षित रखते हुए उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित करना भी हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान किया।
अभियान के तहत इंदौरा, मऊ, मोन, करमगंज, जनई, चंदापुर, भदिहा, कोटवा मोहम्मदाबाद, दुर्गापुर, टीसाखानापुर, तौली, बरीबरा, कुबना ज्योना, पूरे बरियार सिंह, राजाकंसपुर सहित क्षेत्र के विभिन्न गांवों के परिषदीय विद्यालयों में भी छात्रों और शिक्षकों ने पौधरोपण किया। सभी ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लेते हुए पर्यावरण बचाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला और ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को सफल बनाने का संकल्प दोहराया गया।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

