*धान की रोपाई के दौरान खूनी संघर्ष, फायरिंग का आरोप; कई मजदूर घायल, पंपिंग सेट व ऑटो क्षतिग्रस्त*
महराजगंज/रायबरेली। कोतवाली महराजगंज क्षेत्र के ग्राम बावन बुजुर्ग बल्ला में खेत की सिंचाई और धान की रोपाई के दौरान हुए विवाद में मारपीट और फायरिंग का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
तहरीर के अनुसार, अटरेहटा निवासी मोनू मौर्य ने बताया कि उसने वर्ष 2022 में ग्राम बावन बुजुर्ग बल्ला स्थित गाटा संख्या 1555, 1557, 1564 व 1812 की भूमि खरीदी थी। उक्त भूमि बटाई पर दी गई थी और पिछले तीन वर्षों से कोई विवाद नहीं था। आरोप है कि 8 जुलाई को सुबह करीब 11 बजे वह चार मजदूरों के साथ धान की रोपाई के लिए पंपिंग सेट से सिंचाई करा रहा था। इसी दौरान नामजद आरोपित अपने साथ 8-10 अज्ञात लोगों को लेकर पहुंचे और लाठी-डंडों व धारदार हथियारों से हमला कर दिया।
पीड़ित का आरोप है कि नामजद आरोपी राजकुमार ने अवैध तमंचे से हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। हमले में बृजेश, धर्मेंद्र, बिन्देश और अरविन्द घायल हो गए। साथ ही आरोपियों ने पंपिंग सेट नहर में फेंक दिया और ऑटो को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने कोतवाली महराजगंज में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने दूरभाष पर बताया कि दबंगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में जाति सूचक शब्द का इस्तेमाल जैसी धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया है विवेचना कर दंडात्मक कार्यवाही की जाएगी।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

