
रक्सौल। ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन (ECREU) के तत्वावधान में सोमवार को ऐक्टू (AICCTU) के संस्थापक सदस्य एवं बिहार राज्य महासचिव रहे दिवंगत कामरेड आर. एन. ठाकुर की स्मृति में शोकसभा एवं श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। रक्सौल रेलवे स्टेशन के समीप आयोजित कार्यक्रम में रेलवे कर्मचारियों ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर दो से तीन मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी।

कार्यक्रम का नेतृत्व ईस्ट सेंट्रल रेलवे इम्प्लाइज यूनियन के केंद्रीय संयुक्त सचिव कामरेड रत्नेश वर्मा ने किया। उन्होंने कहा कि कामरेड आर. एन. ठाकुर का निधन मजदूर आंदोलन, ट्रेड यूनियन आंदोलन और वामपंथी विचारधारा के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने अपना संपूर्ण जीवन मजदूरों, किसानों, शोषितों और वंचितों के अधिकारों की लड़ाई को समर्पित कर दिया।

रत्नेश वर्मा ने कहा कि ऐक्टू (AICCTU) को मजदूरों की मजबूत आवाज बनाने में कामरेड ठाकुर की भूमिका ऐतिहासिक रही। उनका संघर्ष, सादगी, वैचारिक दृढ़ता और मजदूर वर्ग के प्रति समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने कहा कि कामरेड ठाकुर केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि मेहनतकशों की बुलंद आवाज थे, जिन्होंने हमेशा मजदूर एकता और अन्याय के विरुद्ध संघर्ष का संदेश दिया।
उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि दिवंगत नेता को सच्ची श्रद्धांजलि उनके अधूरे सपनों को आगे बढ़ाकर, मजदूर एकता को मजबूत कर और श्रमिकों के अधिकारों की लड़ाई को जारी रखकर ही दी जा सकती है।
शोकसभा में उपस्थित सभी कर्मचारियों ने एक स्वर में “कॉमरेड आर. एन. ठाकुर अमर रहें” और “लाल सलाम” के नारों के साथ उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए।
कार्यक्रम में रत्नेश वर्मा, अंगद कुमार साह, अभिनीत आनंद, विशुनदेव राउत, गोपाल कुमार, गंगनदेव कुमार, शत्रुध्न प्रसाद, अजीत कुमार, विजय कुमार, मोहित कुमार, आजाद कुमार, रौशन कुमार, सीटू कुमार, संजय कुमार, रामजस पटेल, सूरज कुमार सहित बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी उपस्थित रहे।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।


