गोण्डा। मंडलायुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने सोमवार को तहसील तरबगंज के ग्राम सोनौली मोहम्मदपुर स्थित सरयू/घाघरा नदी के बाएं तट पर सकरौर-भिखारीपुर रिंग तटबंध पर निर्माणाधीन स्परों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा के अनुरूप हो रहे कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों को परियोजना में तेजी लाने के निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की सुरक्षा शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनसुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेते हुए अधूरे कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप कराए जाएं, ताकि आगामी मानसून और संभावित बाढ़ के दौरान तटबंध पूरी तरह सुरक्षित रह सकें। साथ ही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता का नियमित परीक्षण कराने और कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मंडलायुक्त ने कहा कि सरयू/घाघरा नदी के तटीय क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है। स्परों का निर्माण एवं पुनर्स्थापना कार्य बाढ़ के दौरान नदी की तेज धारा से तटबंधों की रक्षा करने तथा कटान रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इसलिए परियोजना के प्रत्येक चरण में पारदर्शिता, गुणवत्ता और समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने विश्वास जताया कि सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परियोजना को समय पर पूरा करेंगे, जिससे ग्राम सोनौली मोहम्मदपुर सहित आसपास के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों की जान-माल और कृषि भूमि की बेहतर सुरक्षा सुनिश्चित हो सकेगी। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्माण कार्यों की दैनिक समीक्षा कर निर्धारित समयसीमा के भीतर सभी कार्य पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।
Author: HIND LEKHNI NEWS
सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।


