13 साल पहले कटा बिजली कनेक्शन, फिर भी आता रहा बिल; बकाया पहुंचा 4 लाख के पार

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

महराजगंज (रायबरेली)। तहसील सभागार में उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम की अध्यक्षता में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में बिजली विभाग की लापरवाही का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया। पुरासी गांव निवासी मायादेवी ने शिकायत करते हुए बताया कि वर्ष 2013 में 26,389 रुपये बकाया होने पर उनका बिजली कनेक्शन काट दिया गया था। इसके बावजूद आज तक लगातार बिजली बिल जारी होता रहा, जिससे बकाया राशि बढ़कर 4 लाख रुपये से अधिक हो गई।

मायादेवी ने समाधान दिवस में मामले के निस्तारण की मांग की। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई एवं समस्या का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 39 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 5 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की सर्वाधिक 25, पुलिस विभाग की 9, विकास विभाग की 2 तथा अन्य विभागों की 3 शिकायतें शामिल रहीं।

समाधान दिवस की अध्यक्षता करते हुए एसडीएम चंद्र प्रकाश गौतम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी शिकायतों का पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े।

इस अवसर पर तहसीलदार मंजुला मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

HIND LEKHNI NEWS
Author: HIND LEKHNI NEWS

सच्चाई की राह कठिन जरूर है, लेकिन यही राह समाज को जागरूक, सशक्त और बेहतर कल की ओर ले जाती है।

Leave a Comment

और पढ़ें